BREAKING CG NEWS

Raipur Spa Center Raid: स्पा सेंटरों में पुलिस का छापा, 2 जगह मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

Share this

Raipur Spa Center Raid: Police raid spa centers; objectionable items found at two locations.

रायपुर: शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी और नियमों के पालन की जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में यह अभियान चलाया गया। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने स्पा सेंटरों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था, संचालक, मैनेजर व कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, आयु संबंधी दस्तावेज और स्टाफ रजिस्टर की जांच की। इसके अलावा पुलिस ने स्पा सेंटरों में किसी प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि की मौजूदगी, परिसर की व्यवस्था, लीज या किराये तथा स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज और अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं।

इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अंबुजा मॉल का ला थाई स्पा सेंटर शामिल है। दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *