BILASPUR VIOLENCE: Major action taken regarding the unrest in Bilaspur; FIR registered against the agitators.
बिलासपुर। शहर में देर रात हुए बवाल और दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उपद्रव और पथराव की घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में बलवा समेत कई गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एफआईआर में धारा 307 और 191 भी शामिल की गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुराने विवाद को लेकर शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और पथराव हुआ। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना में पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। इसके अलावा ड्रोन से बनाए गए वीडियो और अन्य उपलब्ध फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान की प्रक्रिया के बाद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
वहीं घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने शहर की स्थिति को नियंत्रण में बताया है। घटना के बाद बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल लगातार पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

