Nepal Flood Update: 3 people from Chhattisgarh missing in the Nepal flood tragedy!
Nepal Flood Update: अंबिकापुर। नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ त्रासदी से हाहाकार मचा हुआ है। इस बीच खबर है कि अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की पुत्री डॉ मीना गुप्ता भी इस त्रासदी में लापता हो गई हैं। 23 अगस्त को कैलाश मानसरोवर की पवित्र यात्रा पूरी करने के बाद 25 अगस्त को दल के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित आव्रजन कार्यालय में मौजूद थीं, तभी अचानक आई बाढ़ ने तीन मंजिला इमारत को धराशायी कर दिया। इसके बाद से डॉ. मीना सहित उनके दल के लगभग 80 लोग लापता हैं।
भाजपा नेता करता राम गुप्ता ने बताया कि उनकी पुत्री डॉ मीना गुप्ता वर्तमान में इंग्लैंड के टोरकी में चर्म रोग विशेषज्ञ के पद पर सेवारत हैं। बीते 14 अगस्त को वे दिल्ली पहुंची थीं। एक आध्यात्मिक गुरु के साथ लगभग 80 लोगों का दल दिल्ली से काठमांडू गया था। 23 अगस्त को दल ने कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी कर ली थी। 25 अगस्त को दल के सदस्य नेपाल और तिब्बत की सीमा पर स्थित आव्रजन कार्यालय में औपचारिकता के लिए गए थे, इसी दौरान त्रासदी आ गई।
बेटी ने पिता को भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर दिल्ली में मुलाकात हो जाने की मंशा से करता राम भी दिल्ली गए थे, लेकिन उससे पहले ही यह घटना घट गई।
डॉ मीना ने अंबिकापुर से की है पढ़ाई
बताया जा रहा है कि डॉ मीना गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल से हुई है। चिकित्सक बनने के बाद से वे इंग्लैंड में ही निवास कर रही हैं। वे छत्तीसगढ़ की इकलौती कैलाश मानसरोवर यात्री हैं, जो इस त्रासदी में लापता हुई हैं। ज्योग्राफिकमैप्स और जीपीएस गाइड एक्सप्लोर करना
छत्तीसगढ़ की तीन महिला लापता
बता दें कि डॉ मीना गुप्ता नेपाल के इस त्रासदी में लापता होने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला नहीं है। इस त्रासदी में रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की मंजू राय चौधरी भी शामिल हैं।
मोनिका यादव महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर की रहनी वाली है। जानकारी के मुताबिक, मोनिका 22 अगस्त से नेपाल प्रवास पर थीं। नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया। इसके बाद उनके परिजनों ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
वही मंजू राय चौधरी (65) बिलासपुर के राजकिशोर नगर की रहने वाली है। मंजू तीर्थयात्रा कराने वाली संस्था के माध्यम से परिचितों के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। उनसे संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मदद की गुहार लगाई है।
सरकार ने लोगों से मांगी जानकारी
छत्तीसगढ़ सरकार ने अपील की है कि नेपाल में गए या वहां रह रहे प्रदेश के किसी नागरिक के संबंध में यदि किसी व्यक्ति के पास जानकारी हो, तो वह तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराए। आपदा की स्थिति को देखते हुए सरकार ने प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों या उनके परिजनों को किसी तरह की जानकारी अथवा सहायता की जरूरत होने पर राज्य सरकार के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471
तलाशना

