BREAKING CG NEWS

रफ्तार ने बरपाया कहर: बेकाबू बाइक ने बैरिकेड को मारी टक्कर, युवक के पेट के आर-पार हुआ 7 फीट का लोहे का पाइप

Share this

CG ACCIDENT बिलासपुर / सकरी: महानगरों की तर्ज पर अब छोटे शहरों और कस्बों में भी रात के समय तेज रफ्तार का शौक जानलेवा साबित हो रहा है। गुरुवार की आधी रात बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। कानन पेंडारी के करीब मेन रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड्स (रेलिंग) से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि बैरिकेड का लगभग 7 फीट लंबा और मोटा लोहे का पाइप एक युवक के पेट को चीरते हुए आर-पार निकल गया।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के जरहागांव निवासी तीन युवक— प्रियांशु ज्ञानिक, अब्राहम और वरदान, एक ही बाइक पर सवार होकर देर रात बिलासपुर से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कानन पेंडारी के पास बाइक की रफ्तार बेहद तेज होने के कारण चालक गाड़ी से अपना नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू बाइक सीधे सड़क किनारे सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग में जा घुसी।

हादसे में तीन घायल, दो की हालत नाजुक

टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेलिंग का मोटा सरिया प्रियांशु के पेट में घुस गया। वहीं, उसके साथी अब्राहम के पेट में भी गंभीर चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि पीछे बैठे तीसरे साथी वरदान को अपेक्षाकृत मामूली चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर है। रात के अंधेरे में खून से लथपथ युवकों को तड़पता देख वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत डायल-112 और सकरी पुलिस को घटना की सूचना दी।

सिम्स से अपोलो किया गया शिफ्ट

सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल ले जाया गया। सिम्स में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने काफी मशक्कत के बाद प्रियांशु के पेट में फंसा सरिया बाहर निकाला। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने और अंदरूनी चोटों के कारण प्रियांशु और अब्राहम की हालत लगातार बिगड़ती गई। इसे देखते हुए परिजनों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां वे आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *