CHHATTISGARH : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। 24 जुलाई को हुई घटना में पुलिस ने 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इस हमले में एसडीओपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस बल का विरोध करते हुए लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में एसडीओपी, महिला पुलिसकर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक जवान घायल हो गए। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस पर हमले के बाद दर्ज हुई FIR
मदननगर हिंसा के बाद पुलिस ने 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

