CJP Protest : दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रदर्शन के बाद सुरक्षाकर्मियों पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की है.
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में जमकर बवाल हुआ. सीजेपी ने जंतर-मंतर के बाद संसद की तरफ मार्च किया और इसी के बाद बवाल शुरू हो गया. प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर से लेकर कनॉटप्लेस तक कई जगहों पर बवाल किया. इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने बवाल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने तोड़फोड़, सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने समेत कई मामलों को लेकर एक्शन किया है.
दिल्ली पुलिस ने पार्लियामेंट थाने में हिंसा को लेकर एफआईआर दर्ज की है. पुलिस पर हमला, सरकारी संपत्तियों को नुकसान और तोड़फोड़ समेत अलग-अलग धराओं में एफआईआर दर्ज हुई है. अहम बात यह भी है कि इस प्रदर्शन के दौरान 118 पुलिसकर्मी घायल हुए. वहीं 70 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. इसके साथ ही कई घायल भी हुए.
अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन के बाद क्या कहा
अभिजीत दीपके ने मंगलवार (21 जुलाई) को एक्स पर एक पोस्ट शेयर की. दीपके ने लिखा, पुरुष पुलिसकर्मियों ने लड़कियों को पीटा, मैं अपने समर्थकों से माफी मांगता हूं. हम प्रदर्शन को और बेहतर कर सकते थे. मैं आपको दिल्ली पुलिस के अमानवीय व्यवहार से बेहतर तरीके से सुरक्षित रख सकता था. सरकार सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान को बचाने के लिए कई युवाओं का खून बहा रही है.

