बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड में एक परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने ईसाई समाज के पास्टर मनीष आर. मसीह समेत 7 लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोटा के मिशन कंपाउंड निवासी हरीश लाल ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि चर्च की नई समिति के गठन के बाद से ही उन्हें और उनके परिवार को चर्च की विभिन्न गतिविधियों से अलग रखा जा रहा था और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़ित के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को आयोजित एक बैठक में उन्हें कथित रूप से बिना किसी अधिकार के ‘नॉट इन गुड स्टैंडिंग’ घोषित कर समाज से बाहर कर दिया गया।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपियों द्वारा समाज के अन्य लोगों से उनके परिवार के साथ सभी सामाजिक संबंध समाप्त करने की अपील की गई, जिससे परिवार को भारी मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। इस शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने पास्टर मनीष आर. मसीह, सौरभ पीटर्स, राजा सोलोमन दास, अनिल मसीह समेत चर्च से जुड़े 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

