बिलासपुर में कोयले से भरे मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। घटना से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक कोयले से भरी मालगाड़ी बिलासपुर की ओर आ रही थी। तभी गतौरा रेलवे स्टेशन के पास उसके एक वैगन से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर मालगाड़ी को तुरंत रोक दिया गया।
घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों और दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। शुरुआती तौर पर तेज गर्मी और कोयले में बढ़े तापमान के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है और रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

