BREAKING CG NEWS

बिलासपुर में ‘नकली धुएं’ का बड़ा साम्राज्य ध्वस्त: ITC की टीम ने मारा छापा, 5 लाख की नकली सिगरेट जब्त

Share this

बिलासपुर। न्यायधानी में नामी ब्रांड की आड़ में नकली सिगरेट खपाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। दिल्ली से पहुंची ITC लिमिटेड की विशेष जांच टीम ने सिविल लाइन पुलिस के सहयोग से व्यापार विहार और निगम कॉलोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। इस छापेमारी में थोक सप्लायर रोशन चंदानी की फर्म से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की नकली ‘गोल्ड फ्लेक’ सिगरेट बरामद की गई है।

 

पान ठेलों से शुरू हुई जांच, निगम कॉलोनी में फंसा सप्लायर

जानकारी के अनुसार, दिल्ली मुख्यालय को बिलासपुर में बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट की सप्लाई की गुप्त सूचना मिली थी। बुधवार को टीम ने शहर में दस्तक दी और सबसे पहले अलग-अलग पान ठेलों से सैंपल एकत्र किए। जांच में सिगरेट नकली पाए जाने पर टीम के सदस्यों ने रणनीति के तहत ग्राहक बनकर थोक सप्लायर रोशन चंदानी से संपर्क किया। सप्लायर ने उन्हें माल देने के लिए महाराणा प्रताप चौक स्थित निगम कॉलोनी बुलाया, जहाँ टीम ने मौके पर पहुँचकर दबिश दी।

 

असली-नकली का फर्क देख उड़े होश

मौके पर मौजूद एक्सपर्ट्स ने जब जब्त सिगरेट के पैकेटों की तुलना असली प्रोडक्ट से की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पैकेट की प्रिंटिंग, होलोग्राम, सुरक्षा कोड और सिगरेट स्टिक की बनावट इतनी शातिर तरीके से की गई थी कि आम ग्राहक आसानी से धोखा खा जाए। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर क्वालिटी और सीरियल कोड पूरी तरह फर्जी पाए गए।

 

रोजाना 2 लाख का अवैध टर्नओवर

सूत्रों के मुताबिक, यह गिरोह रोजाना करीब 2 लाख रुपये की नकली सिगरेट शहर की छोटी-बड़ी दुकानों में खपा रहा था। यह माल न केवल बिलासपुर बल्कि आसपास के अन्य शहरों में भी सप्लाई किए जाने की आशंका है। पुलिस और ITC की टीम अब इस पूरे सप्लाई चेन और नेटवर्क के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है।

 

थाने में रसूखदारों का जमावड़ा

कार्रवाई के बाद जब्त माल को सिविल लाइन थाने लाया गया, जहाँ देर रात तक कागजी कार्रवाई चलती रही। इस बीच, आरोपी कारोबारी के समर्थन में कई स्थानीय व्यापारियों और रसूखदारों की भीड़ थाने पहुँच गई। बताया जा रहा है कि मामले को दबाने और आरोपी को छोड़ने के लिए दबाव भी बनाया गया, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाई। टीआई एसआर साहू ने बताया कि फिलहाल माल जब्त कर लिया गया है और विस्तृत जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

 

उपभोक्ता सावधान: ऐसे करें असली-नकली की पहचान

 

होलोग्राम और लोगो: पैकेट पर ITC का सुरक्षा कोड और लोगो की चमक असली के मुकाबले फीकी होती है।

 

स्टिक और तंबाकू: नकली सिगरेट की स्टिक ढीली होती है और तंबाकू की महक में कड़वाहट होती है।

 

धुआं और स्वाद: नकली सिगरेट के धुएं से आंखों और गले में अधिक जलन महसूस होती है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *