देश दुनिया वॉच

*द.पू.म. रेलवे, नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2025 की चतुर्थ तिमाही बैठक का आयोजन संपन्न*

Share this

*द.पू.म. रेलवे, नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2025 की चतुर्थ तिमाही बैठक का आयोजन संपन्न*

 

बिलासपुर
नागपुर

 

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2025 की चतुर्थ तिमाही बैठक का आयोजन दिनांक 19 दिसंबर 2025 को मंडल कार्यालय सभागार नागपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति के अध्यक्ष द्वारा की गई।

इस अवसर पर राजेश चिखले, अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारीगण एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी गौतम श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
बैठक के प्रथम सोपान में मंडल की ई-पत्रिका “समर्पण” के पाँचवें अंक का विमोचन दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक के कर-कमलों द्वारा किया गया। यह ई-पत्रिका मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

द्वितीय सोपान में 30 सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही अवधि की राजभाषा प्रगति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक के आरंभ में राजेश चिखले, अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी ने समिति के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि राजभाषा में कार्य करना न केवल हमारा संवैधानिक दायित्व है, बल्कि एक नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने सभी शाखाधिकारियों से अपने-अपने विभागों में राजभाषा के प्रयोग को वर्तमान लक्ष्य स्तर पर बनाए रखते हुए निरंतर प्रगति के लिए सार्थक प्रयास करने का आह्वान किया। तत्पश्चात पिछले बैठक के कार्यवृत्त पर चर्चा करते हुए राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गई।

अपने संबोधन में दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक ने नागपुर मंडल में राजभाषा हिंदी में हो रहे कार्यों की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसके लिए राजभाषा विभाग सहित मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने सभी शाखाधिकारियों से अपील की कि मंडल में राजभाषा के प्रयोग हेतु बने इस सकारात्मक वातावरण को फील्ड कार्यालयों तक भी ले जाएँ, ताकि रेल कार्यालयों में राजभाषा की प्रगति को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक के तृतीय सोपान में वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वारा सिगनल विभाग तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक द्वारा परिचालन विभाग की विभागीय प्रस्तुतियाँ राजभाषा हिंदी में दी गईं, जिन्हें उपस्थित सदस्यों द्वारा सराहा गया।

चतुर्थ सोपान में जुलाई से सितंबर 2025 की तिमाही के दौरान सरकारी कार्य हिंदी में उत्कृष्ट रूप से करने वाले मंडल के दो कार्मिकों को मंडल रेल प्रबंधक राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही मंडल की ई-पत्रिका के प्रकाशन में उत्कृष्ट तकनीकी सहयोग प्रदान करने हेतु श्री जितेंद्र सेलुकर, तकनीशियन को भी पुरस्कृत किया गया।

बैठक के अंत में गौतम श्रीवास्तव, सचिव एवं राजभाषा अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार गुप्ता की अनुमति से बैठक की औपचारिक समाप्ति की गई।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *