BREAKING CG NEWS

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने पर रणजीता स्टेडियम में भव्य आयोजन, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया राज्योत्सव

Share this

Rajyotsava celebrated with grand celebration at Ranjita Stadium on completion of 26 years of Chhattisgarh statehood

रायपुर, 03 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय के रणजीता स्टेडियम में राज्योत्सव समारोह उत्साह, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम सशक्त नारी, युवा उड़ान रखी गई है, जो महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों को रेखांकित करती है।

 

*26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के क्षेत्र में तय किया लंबा सफर*

 

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने गठन के 26 वर्षों में विकास के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है। प्रदेश ने आज कृषि, आवास, स्वास्थ्य, सड़क और रेल कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिला भी विकास की नई संभावनाओं की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। प्राकृतिक संपदा, खनिज संसाधनों, वन संपदा और मेहनतकश किसानों से समृद्ध होने के बावजूद उस समय प्रदेश आर्थिक एवं विकास संबंधी चुनौतियों से जूझ रहा था। राज्य गठन के समय प्रदेश का बजट लगभग 5,500 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर पौने दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह प्रदेश की विकास यात्रा और बदलती आर्थिक तस्वीर का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल धान के कटोरे के रूप में ही नहीं, बल्कि समृद्ध खनिज संपदा और सांस्कृतिक विरासत वाले प्रदेश के रूप में भी है। माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। अब इन क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

*चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में जशपुर को मिल रही नई पहचान*

 

जशपुर जिले की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि एक समय जिले में सड़कों और पुल-पुलियों की कमी के कारण आवागमन में काफी कठिनाइयां होती थीं, लेकिन अब आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। मधेश्वर महादेव, ईब नदी, नागलोक और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध जशपुर की धरती भगवान गहिरा गुरु, अवधूत भगवान राम जी और कुमार दिलीप सिंह जूदेव जैसी महान विभूतियों की कर्मस्थली रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का इसी जिले से होना भी जशपुर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। प्रदेश को एक साथ पांच मेडिकल कॉलेज मिलना बड़ी उपलब्धि है और जिले में भी मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही नर्सिंग शिक्षा के साथ छात्राओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए आईआईटी के पूर्व विद्यार्थियों से जुड़े संस्थान के साथ सरकार ने एमओयू किया है। उन्होंने बताया कि जशपुर में इसी सत्र से फिजियोथेरेपी कॉलेज भी प्रारंभ किया जा रहा है। इसके अलावा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को प्रोत्साहित करने के लिए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। इन सुविधाओं के शुरू होने से जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी और उपचार के लिए रांची एवं रायपुर जैसे शहरों पर निर्भरता कम होगी।

 

*3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी*

 

कृषि और किसान कल्याण की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज लगभग 160 लाख मीट्रिक टन धान का उत्पादन कर रहा है। राज्य सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रिपरिषद ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी का निर्णय लिया है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदा जाएगा। इससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति देकर इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 मकानों का निर्माण किया जा रहा है।

 

*रेल और सड़क कनेक्टिविटी से जशपुर को मिलेगी नई गति*

 

जशपुर की सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी पर प्रकाश डालते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल लाइन विशेष रेल परियोजना के रूप में जिले को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे जशपुर का देश के विभिन्न हिस्सों से रेल संपर्क स्थापित होगा। वहीं भारतमाला सड़क परियोजना के तहत पत्थलगांव से धनबाद तक सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन और परिवहन सुविधाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जशपुर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सड़क और रेल सुविधाओं का विस्तार आने वाले समय में जिले की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को और मजबूत करेगा।

 

*जिले में अधोसंरचना विकासकार्यों को मिल रही गति: विधायक श्रीमती रायमुनी भगत*

 

विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां के आदिवासियों, किसानों और आम नागरिकों के सपनों को साकार किया। आज प्रदेश में सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं तथा उनका तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जशपुर जिले में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के परिवारों को शासन की विभिन्न विकास योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने भी राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा और जशपुर जिले में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *