
अजगर के 21 अंडों से निकले नन्हे अजगर, एनिमल रेस्क्यू टीम ने दिखाई मिसाल
रायगढ़ जिले के ननसिया गांव में टीम ने किया दुर्लभ और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
रायगढ़। ननसिया गांव में एक अनोखी और सराहनीय घटना सामने आई है जहाँ एनिमल रेस्क्यू टीम ने न सिर्फ अजगर के अंडों को सुरक्षित रेस्क्यू किया, बल्कि उनकी विशेष देखरेख कर 21 अजगर शावकों को सुरक्षित जन्म दिलाया। यह रेस्क्यू न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, ननसिया गांव में लकड़ियों के ढेर के नीचे एक अजगर के छिपे होने की सूचना मिलने पर एनिमल रेस्क्यू टीम के धर्मेंद्र साहू के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सतर्कता से अजगर को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया, लेकिन तभी उन्हें उसी स्थान पर अजगर के अंडे भी मिले।
रेस्क्यू टीम ने तुरंत सभी अंडों को सुरक्षित जार में रखकर उन्हें कृत्रिम रूप से गर्मी देने के लिए बल्ब की रोशनी में संरक्षित किया। लगभग पखवाड़े भर तक सावधानीपूर्वक इन अंडों की निगरानी की गई। तय समय पूरा होने के बाद सभी 21 अंडों से नन्हे अजगर सुरक्षित बाहर निकल आए।
टीम ने इन अजगर शावकों को तीन से चार दिनों तक संरक्षित माहौल में रखा और फिर उन्हें जंगल में छोड़ दिया। धर्मेंद्र साहू और उनकी टीम ने बताया कि अंडों से सभी बच्चों का सुरक्षित बाहर आना एक बड़ी उपलब्धि है और यह वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सकारात्मक प्रयास का उदाहरण है।
यह सफल रेस्क्यू अभियान न सिर्फ रेस्क्यू टीम की सूझबूझ और समर्पण को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि यदि प्रकृति के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार किया जाए तो हर जीवन को बचाया जा सकता है।
