BREAKING CG NEWS

सरकारी धान में बड़ा खेल! 2 राइस मिल सील, 20 मिलरों को नोटिस

Share this

Big game in government paddy! 2 rice mills sealed, 20 millers issued notices

बिलासपुर। सरकारी गोदामों और खरीदी केंद्रों से कस्टम मिलिंग के लिए धान उठाकर उसे डकारने वाले मिलरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच सरकारी धान मिल परिसर से गायब मिलने पर खाद्य विभाग ने कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल और बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल के गोदामों की जांच कर शटर बंद कर ताला जड़ दिया है।

गुरुवार को हुई छापामार कार्रवाई में दोनों मिलों के स्टाक से कुल 39 हजार 716.4 क्विंटल धान कम मिला है। इसके साथ ही पार्वती राइस मिल परिसर में उपलब्ध 29 हजार 150 क्विंटल धान व 1600 क्विंटल चावल को जब्त किया गया है। मामले में दोनों मिल संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत केस दर्ज कर चावल जमा करने में आनाकानी कर रहे 20 अन्य मिलरों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।

चावल जमा नहीं कर रहे थे मिलर

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान उठाने के बाद भी कई मिलर नागरिक आपूर्ति निगम और एफसीआई में चावल जमा नहीं कर रहे थे। गड़बड़ी की आशंका पर कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने दबिश दी।

कोटा में सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य व निरीक्षक आशीष दीवान, ललिता शर्मा, वसुधा राजपूत की टीम ने राजमुनि एग्रो राइस मिल का स्टाक खंगाला, तो वहां 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम मिला।

बहतराई की मिल में 2800 क्विंटल धान कम, स्टाक जब्त

इसी तरह बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी व निरीक्षक मंगेश कांत, वर्षा सिंह की टीम को जांच के दौरान 2800 क्विंटल धान कम मिला, जिसके बाद मिल परिसर में मौजूद 29 हजार 150 क्विंटल धान और 1600 क्विंटल चावल जब्त कर लिया गया।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *