BREAKING CG NEWS

CG High Court: दूसरे पुरुष से बातचीत और मुलाकात को कोर्ट ने माना मानसिक क्रूरता, 25 साल पुरानी शादी का हुआ अंत

Share this

CG High Court: Court considers conversation and meeting with another man to be mental cruelty, ends 25-year-old marriage

बिलासपुर। हाई कोर्ट ने तलाक के मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के समान है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है। पत्नी के दूसरे पुरुष से लगातार फोन पर बातचीत करने, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाने और उसके साथ बाहर जाने जैसी गतिविधियां भी अहम हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने इस टिप्पणी के साथ फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।

मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती का है, जिनकी शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी, और उनके एक बेटा व दो बेटियां हैं। पति का आरोप था कि पत्नी के एक अन्य पुरुष से संबंध हैं, और मना करने के बावजूद वह उससे बातचीत करती रही, जिससे वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ। इसी आधार पर पति ने तलाक की अर्जी लगाई थी, लेकिन 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत न होने के आधार पर अर्जी खारिज कर दी थी।

पति ने हाई कोर्ट में अपील की, जहां गवाहों के बयानों व साक्ष्यों की पड़ताल के बाद कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने कई अहम पहलुओं पर विचार नहीं किया। कोर्ट ने पति सहित बेटे और बेटी की गवाही को महत्वपूर्ण माना, जिन्होंने परिजन के न रहने पर एक व्यक्ति के आने और महिला से मिलने की जानकारी दी।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *