RAIPUR DOUBLE MURDER: Two murders in 24 hours in the capital!
रायपुर । राजधानी रायपुर में क्राइम की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है । पिछले 24 घंटे के अंदर हत्या की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
ये है पहली घटना
पहला मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जहां 11 नवंबर की रात लाखेनगर चौक में शेख नाजिर (41 वर्ष), निवासी ईदगाह भाठा और मोहम्मद यूनुस (25 वर्ष), निवासी ईदगाह भाठा के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान शेख नाजिर ने मोहम्मद यूनुस के सीने पर लोहे के धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल यूनुस को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर तत्काल उसकी पतासाजी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
जेल से बाहर आते ही नया झटका! सौरव दास और आशुतोष रांका को क्राइम ब्रांच ने थमाया नोटिस
दूसरी घटना
दूसरी घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। युवक का अपहरण कर कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 में बेरहमी से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और उसके शव को गटर (मेनहोल) में डालकर ऊपर से ढक्कन लगा दिया। इसके बाद युवक की बाइक को शहर से दूर नदी में फेंक दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। मृतक के अपहरण की शिकायत परिजनों ने बुधवार को ही तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच युवक का शव मिला है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक का काशीराम नगर इलाके से अपहरण किया और उसे कमल विहार के सेक्टर-13 में ले गए। यहां सुनसान इलाके में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के इरादे से मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को मेनहोल में डालकर उसका ढक्कन बंद कर दिया।अ
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मृतक की बाइक को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की। उसकी बाइक को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया। इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और FSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए दो संदेहियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मेनहोल से युवक का शव बरामद किया।

