Terrorists’ hideout busted in Poonch! Explosives found in 7 containers caused a stir
पुंछ। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती पुंछ जिला में सुरक्षा बल ने शुक्रवार को एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर आतंकी ठिकाने से सात कंटेनर में विस्फोटक सामग्री बरामद की। टेप से लिपटे कंटेनर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल, जांच जारी है। पिछले 10 दिन में पुंछ और राजौरी जिलों में चार बार हथियार और गोलाबारूद बरामद हो चुका है। हालांकि ये सभी हथियार पुराने बताए जा रहे हैं, फिर भी सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं।
कंटेनरों में था विस्फोटक
जानकारी के अनुसार, 156 टेरिटोरियल आर्मी से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बल ने मेंढर तहसील के कसबलारी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कंटेनरों में एक काला बैग, एक काम्बैट पाउच, काले रंग का लोहे का बाक्स, एक मैगजीन, एक एल्युमिनियम कंटेनर, दो पावर एडाप्टर और एक टिफिन भी बरामद हुआ। सभी संदिग्ध वस्तुओं को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बरामद मैगजीन के 7.62 एमएम एलएमजी से संबंधित होने की आशंका है। इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। नियंत्रण रेखा के निकट स्थित होने और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पुंछ जिला सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।

