CG Coal Scam: Big revelation in coal scam! Mention of payment of ₹25 lakh to Kumar Vishwas
CG Coal Scam: रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की ओर से सोमवार को पेश किए गए पूरक चालान में कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। चार्जशीट में देश के चर्चित कवि डॉ. कुमार विश्वास को कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये के भुगतान का भी उल्लेख है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह रकम कोयला घोटाले से जुड़ी राशि से दिया गया है।
चार्जशीट में दर्ज जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस शासनकाल के दौरान ‘हमर भांचा राम” कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में देश के कई चर्चित कवियों को आमंत्रित किया गया था। जांच में सामने आए दस्तावेजों के अनुसार, कार्यक्रम से संबंधित खर्च का भुगतान कोयला घोटाले से जुड़ी राशि से किया गया था। ईओडब्ल्यू ने इस लेनदेन से संबंधित जानकारी कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और कोयला घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई चैट के आधार पर चार्जशीट में शामिल की है।
दरअसल खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान कवि कुमार विश्वास का ‘हमर भांचा राम” कार्यक्रम आयोजित किया गया था। तब इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग से शिकायत भी की थी। दावा किया गया था कि शासन रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने नहीं दे रहा, जबकि कांग्रेस की ओर से आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम को अनुमति दी गई है।
ईओडब्ल्यू की चार्जशीट के पेज नंबर 66 में कवि कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख किया गया है। हालांकि, उपलब्ध विवरण में कवि सम्मेलन में शामिल अन्य कवियों को किए गए भुगतान का कोई उल्लेख नहीं है। चार्जशीट में विशेष तौर पर कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये दिए जाने की बात दर्ज है।

