Substandard paneer was being served in the ₹300 thali!
जगदलपुर। आप किसी होटल या रेस्टोरेंट में जाते हैं, अच्छी-खासी कीमत चुकाकर थाली ऑर्डर करते हैं और भरोसा करते हैं कि आपकी प्लेट में परोसा जा रहा खाना सुरक्षित होगा। लेकिन जगदलपुर में सामने आई पनीर की लैब रिपोर्ट ने इसी भरोसे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
शहर के अलग-अलग होटल और रेस्टोरेंट से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट सामने आई तो तीन जगहों के पनीर निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। वहीं एक होटल से लिए गए पनीर के सैंपल को सीधे तौर पर असुरक्षित घोषित किया गया है।
तीन जगहों के पनीर सैंपल अवमानक
जांच में न्यू महावीर थाली, मितहरा रेस्टोरेंट और गंगा गोल्ड कंपनी के पैक्ड पनीर के सैंपल अमानक पाए गए हैं। यानी ये पनीर तय गुणवत्ता मानकों पर फेल हुए हैं। सबसे गंभीर रिपोर्ट होटल लक्ष्मण एवेन्यू के पनीर की है, जिसे लैब ने असुरक्षित बताया है। विभाग के मुताबिक ऐसे पनीर का सेवन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।
Raipur Fake Paneer: 650 किलो का नकली पनीर जब्त! प्लाईवुड फैक्ट्री में चल रहा था कारोबार
चारों संस्थानों को कारण बताओ नोटिस
मामले में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम कांडे ने बताया कि विगत दो-तीन महीनों में करीब 6 सैंपल हमने पनीर के उठाए थे, जिसमें से 5 सैंपल की लैब रिपोर्ट आ गई है। इनमें से 4 सैंपल फेल हैं। जिन संस्थानों के सैंपल फेल हुए हैं, उनके संचालकों को खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक महीने के जवाब के लिए वेट कर रहे हैं। उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

