दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एनीकेट पार करते समय एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है।
यह पूरा मामला रानितराई थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटन के ओदरागहन का है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर की रात लगभग 7 बजे सुरेंद्र बाइक से खारून नदी में एनीकेट पार कर रहा था, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सुरेंद्र गिर गया और डूब गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद रानितराई थाना पुलिस और एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। फिर एक्सपर्ट डीप डाइवर्स ने सघन अभियान चलाया और बड़ी मशक्कत के बाद शव को ढूंढ निकाला। फिलहाल शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

