BREAKING देश दुनिया वॉच

“मैं तुम्हारे साथ हूं…” 14 साल की निशु की गुहार पर राहुल गांधी का भरोसा

Share this

“I am with you…” Rahul Gandhi reassures 14-year-old Nishu following her plea.

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जून को प्रदर्शन के दौरान संजय आजाद पर कथित हमले का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है. अपनी पिता पर हुए हमले के बाद 14 साल की निशु आजाद लगातार न्याय की मांग कर रही है. निशु का आरोप है कि उसके पिता की बुरी तरह पिटाई की गई, लेकिन पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई.

बताया गया है कि निशु अपने पिता संजय आजाद के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची थी. इसी दौरान स्वतंत्र भारद्वाज नाम के व्यक्ति पर संजय आजाद के साथ मारपीट करने का आरोप लगा. हमले में संजय के सिर में चोट आई और उन्हें सात टांके लगाए गए.

 

 

आरोपी का वीडियो सामने आने के बाद फिर उठे सवाल

 

मामले के बीच स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में वह एक पॉडकास्ट के दौरान संजय आजाद की पिटाई करने का दावा करता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद निशु ने सोशल मीडिया के जरिए राहुल गांधी से मदद की अपील की.

 

निशु का कहना है कि वह लंबे समय से अपने पिता के लिए न्याय की मांग कर रही है. उसका आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की और उन्हें भी कथित तौर पर धमकाया गया.

 

राहुल गांधी ने दिया साथ का भरोसा

निशु की अपील के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिया. राहुल गांधी ने कहा कि वह निशु की न्याय की लड़ाई में उसके साथ हैं और अंत तक उसका साथ देंगे.

निशु के मुताबिक, राहुल गांधी की ओर से मदद का आश्वासन मिलने के बाद उसे उम्मीद जगी है कि उसके पिता पर कथित हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी. कांग्रेस की ओर से निशु को कानूनी मदद उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है.

 

अखिलेश और चंद्रशेखर आजाद ने भी दिया समर्थन

इस मामले में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और दलित नेता चंद्रशेखर आजाद ने भी निशु की लड़ाई में साथ देने की बात कही है. निशु का कहना है कि अब उसे उम्मीद है कि उसके पिता को न्याय मिलेगा और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी.

 

निशु ने उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है, जिन पर वह मामले में उचित सुनवाई नहीं करने का आरोप लगा रही है. उसका कहना है कि पुलिस से न्याय की उम्मीद थी, लेकिन उसे कथित तौर पर परेशानियों का सामना करना पड़ा.

 

 

संजय आजाद ने सुनाई घटना की कहानी

निशु के पिता संजय आजाद का कहना है कि वह जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान कथित तौर पर स्वतंत्र भारद्वाज ने अचानक उन पर हमला कर दिया. संजय के मुताबिक, हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और सात टांके लगाने पड़े.

 

संजय का भी कहना है कि घटना के बाद पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला. अब राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के समर्थन के बाद उन्हें उम्मीद है कि मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी.

 

 

 

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *