PM Modi’s Uzbekistan Visit: From the uranium deal to the highest honor—key decisions made during Modi’s visit.
ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय उज्बेकिस्तान यात्रा कई ऐतिहासिक समझौतों और उपलब्धियों के साथ संपन्न हो गई। यात्रा के दौरान यूरेनियम सप्लाई पर सहमति बन गई है।
उज्बेकिस्तान ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑली दाराजली डस्टलिक’ से नवाजा है। पीएम मोदी को रविवार को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने अपने देश के सर्वोच्च राज्य सम्मान ओली दाराजली डस्टलिक से सम्मानित किया। यह पीएम मोदी को मिला 36वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
पीएम मोदी ने रविवार को पुष्टि की कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति का समझौता होगा। उम्मीद है कि यह कदम भारत की परमाणु ऊर्जा योजनाओं को दीर्घकालिक रूप से आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
इन समझौतों को भी दिया गया अंतिम रूप
हालांकि, वार्ता का दायरा केवल इसी तक सीमित नहीं था। भारत और उज्बेकिस्तान ‘सिस्टर-सिटी’ और ‘सिस्टर-स्टेट’ से जुड़े तीन समझौतों को भी अंतिम रूप दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट कहना था कि इन्हें सिर्फ कागजी औपचारिकताओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाए ताकि इन साझेदारियों के नतीजे जमीनी स्तर पर दिखाई दें।
बैठक में शहरी विकास पर भी चर्चा हुई। उज्बेकिस्तान फिलहाल ‘नया ताशकंद’ नाम से एक बिल्कुल नया शहर बसा रहा है। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात की ‘गिफ्ट सिटी’ को स्टडी के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में पेश किया।
साथ ही, उन्होंने उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल को भारत आने का निमंत्रण दिया ताकि वे इस परियोजना के नियोजन, तकनीक और कार्यान्वयन को करीब से समझ सकें।
पहली बार व्यापार 1 अरब डॉलर के पार पहुंचा
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने भारत को एक ‘विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार’ करार दिया। उन्होंने साझा किया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार पिछले वर्ष पहली बार 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। इसके अलावा, बीते कुछ वर्षों की तुलना में दोनों देशों के बीच संयुक्त उद्यमों में भी सात गुना वृद्धि हुई है।
दोनों देशों के बीच प्रति सप्ताह 14 उड़ानें
दोनों देशों के बीच आवाजाही और यात्रा को आसान बनाया गया है। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने बताया, वर्तमान में भारत और उज्बेकिस्तान को जोड़ने वाली प्रति सप्ताह 14 सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं।
हम यूरेनियम की आपूर्ति के लिए भी एक रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे और एक व्यवस्था बनाएंगे।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
आपके नेतृत्व में भारत सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। आपके करीबी मित्र के तौर पर हम निश्चित रूप से इन सभी उपलब्धियों को देखकर बहुत खुश हैं।
-उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव

