BREAKING CG NEWS

मवेशियों को लेकर खूनी विवाद! ग्रामीणों पर लाठी-डंडों से हमला, एक की मौत; 7 आरोपी गिरफ्तार

Share this

बिलासपुर/मस्तूरी: ग्राम रलिया में आवारा मवेशियों को लेकर हुए विवाद में ग्रामीणों पर लाठी-डंडों और मुक्कों से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। मामले में मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की शाम ग्राम लिमतरा के ग्रामीण धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेत में नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को भगाते हुए ग्रामीण उन्हें रलिया के आगे भारतमाला सड़क किनारे छोड़कर लौट रहे थे।

इसी दौरान रलिया भारतमाला रोड पुल के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। मवेशियों को उनकी ओर लाने का आरोप लगाकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना में उमेश बरगाह सहित अन्य घायल हुए, जबकि मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आईं। जीवन मेहर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गजानंद पटेल, अजय चंद्राकर, अश्विनी पटेल, आलोक सिदार, कोमल चंद्राकर, लोमस चंद्राकर और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडे जब्त किए गए हैं। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *