BREAKING CG NEWS

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात से बदला मौसम, बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

Share this

Weather changed due to cyclone formation in Bay of Bengal, unseasonal rain increases farmers’ worries

(बिलाईगढ़,धनेश यादव बिलाईगढ़ मो 9098386811) :  बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से क्षेत्र में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। गुरुवार शाम से तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी ने रात होते-होते बारिश का रूप ले लिया। पूरी रात रुक-रुककर फुहारें पड़ती रहीं। शुक्रवार सुबह से बारिश का सिलसिला और तेज हो गया। आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हो सके। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

क्षेत्र के किसानों के सामने पहले से ही खाद की कमी और खेती से जुड़ी कई समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे में मौसम की मार ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसान कभी पानी की कमी से फसलों को बचाने की चिंता करते हैं, तो कभी खाद की उपलब्धता के लिए परेशान रहते हैं। अब चक्रवाती हवाओं और बारिश ने उनकी चिंता दोगुनी कर दी है।

किसानों का कहना है कि सालभर की मेहनत और पूंजी लगाने के बाद भी खेती में जोखिम बना रहता है। कभी सूखे की मार तो कभी खाद की किल्लत और कभी बेमौसम बारिश फसलों को नुकसान पहुंचाने की आशंका पैदा कर देती है। खेती करना अब किसी जुए से कम नहीं रह गया है।

किसानों को हर समय अपनी फसल की सुरक्षा की चिंता सताती रहती है

किसानों के मुताबिक जब तक फसल की कटाई और मिसाई का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक उनकी परेशानियां कम नहीं होतीं। मौसम की अनिश्चितता के चलते किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है, तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *