BREAKING CG NEWS

CII Young Indians Raipur एवं Kaanger Valley Academy के सहयोग से ‘BizPitch 3.0’ का भव्य आयोजन सम्पन्न

Share this

रायपुर, 25 जुलाई। CII Young Indians (Yi) Raipur एवं Kaanger Valley Academy के संयुक्त तत्वावधान में BizPitch 3.0 का ग्रैंड फिनाले आज उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रतियोगिता का तीसरा संस्करण था, जिसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। पिछले तीन वर्षों से यह पहल विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक विचारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के उद्यमी बनने के लिए प्रेरित कर रही है।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विश्वेश कुमार (IFS), प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) तथा विशिष्ट अतिथि सुश्री शुभिका जैन, Founder & CEO, RAS Luxury Skincare ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बड़े सपने देखने, समस्याओं की पहचान कर उनके अभिनव समाधान विकसित करने तथा भविष्य के सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।

 

BizPitch 3.0 के माध्यम से कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को अपने स्टार्टअप आइडियाज़ प्रस्तुत करने का मंच मिला। प्रतियोगिता में स्वास्थ्य, कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), पर्यावरण, शिक्षा एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के अभिनव समाधान प्रस्तुत किए गए। प्रतिभागियों का मूल्यांकन प्रतिष्ठित बिज़नेस लीडर्स, उद्यमियों एवं इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स द्वारा किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को और बेहतर बनाने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।

 

प्रतियोगिता के परिणामों में ग्रुप-I (कक्षा 8–10) में “Stash Tag” तथा ग्रुप-II (कक्षा 11–12) में “Leaf-Lingo” स्टार्टअप आइडिया के साथ Kaanger Valley Academy विजेता रही। वहीं ग्रुप-I में “Terrascope” तथा ग्रुप-II में “ResQTrack” स्टार्टअप आइडिया के साथ Krishna Public School, Sarona ने रनर-अप का स्थान प्राप्त किया। दोनों समूहों में विजेता टीमों को ₹11,000 तथा रनर-अप टीमों को ₹5,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

 

इस अवसर पर Yi Raipur के चेयर पंकज सोमानी एवं को-चेयर कावित पासरी ने कहा कि BizPitch Kaanger Valley Academy एवं Young Indians की एक अत्यंत सराहनीय पहल है, जो कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों में उद्यमिता की सोच को प्रारंभिक स्तर से विकसित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मंच पर विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता, नवाचार और व्यावसायिक समझ का शानदार प्रदर्शन करते हैं। इतनी कम उम्र में उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले बिज़नेस आइडियाज़ भविष्य के सफल स्टार्टअप्स की मजबूत नींव बन सकते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, समस्या-समाधान की सोच और आत्मविश्वास का विकास करते हैं तथा उन्हें भविष्य के सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

 

कार्यक्रम में Young Indians Raipur की ओर से यश अग्रवाल, आदित्य नेहलानी, अंकिता गर्ग एवं आदित्य अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

 

अंत में CII Young Indians (Yi) Raipur एवं Kaanger Valley Academy ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों, निर्णायकों, अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। दोनों संस्थाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि BizPitch जैसे आयोजन भविष्य में भी युवा प्रतिभाओं को नवाचार, उद्यमिता एवं नेतृत्व की दिशा में प्रेरित करते रहेंगे और प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *