BREAKING: रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने एक साथ 83 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा दिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया है।
जारी आदेश के अनुसार कई डिप्टी कलेक्टरों को ज्वाइंट कलेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया है, जबकि कई ज्वाइंट कलेक्टर अब एडिशनल कलेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे। अधिकारियों को वेतन मैट्रिक्स के लेवल-12 से लेवल-13 और लेवल-13 से लेवल-14 में प्रमोट किया गया है।
लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत और खुशखबरी लेकर आया है। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर हुए प्रमोशन से प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक पदोन्नति के बाद कई जिलों और विभागों में अधिकारियों की नई पदस्थापना और जिम्मेदारियों का बंटवारा भी जल्द किया जा सकता है। माना जा रहा है कि इस फैसले से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।





