CG CRIME NEWS: आज शाम बिलासपुर स्थित पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Rajnesh Singh द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजल चोरी एवं लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासा किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में ए.सी.सी.यू. एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो रात के समय हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर एवं भारी वाहनों को निशाना बनाकर डीजल चोरी और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार दिनांक 28.03.2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर क्रमांक CG 04 BS 9548 से अज्ञात आरोपियों द्वारा लगभग 270 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये थी, चोरी कर ली गई थी। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में –
संजय कुमार कुर्रे
मणिशंकर कुर्रे
अमित भारद्वाज
शामिल हैं। तीनों आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्कॉर्पियो एवं रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन का उपयोग कर हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी एवं लूटपाट करते थे। आरोपियों द्वारा बिलासपुर, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा सहित विभिन्न जिलों में वारदात करना स्वीकार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, एक धारदार चाकू, नगदी राशि 2600 रुपये तथा 74 लीटर डीजल जब्त किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अपराध क्रमांक 264/2026 एवं 119/2026 में भी पाई गई है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पूरे सिंडिकेट को शीघ्र ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

