BREAKING CG NEWS

CG NEWS : ASI ने थाने में प्रार्थी को जड़े 20 थप्पड़, SSP ने किया सस्पेंड

Share this

CG NEWS : बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाने में पहुंचे प्रार्थी को जल्दी जांच रिपोर्ट देने के लिए कहना महंगा पड़ गया। बौखलाए एएसआई ने प्रार्थी को ही 15 से 20 तमाचे जड़ दिए। मामले में एसएसपी ने एएसआई को निलंबित कर दिया है,वही मारपीट करने पर एएसआई के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनोद जायसवाल निवासी बनियापारा रतनपुर अपने पूर्व में लगाए गए परिवाद की जानकारी लेने के लिए 12 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच थाना रतनपुर पहुंचे थे। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने अपने परिवाद की प्रगति और उसे न्यायालय में प्रेषित न किए जाने को लेकर जानकारी मांगी, जिस पर एएसआई दिनेश तिवारी नाराज हो गए।

पीड़ित विनोद जायसवाल के अनुसार, एएसआई ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि उन्हें लगभग 15 से 20 थप्पड़ मारे गए। इस दौरान थाना परिसर में अन्य स्टाफ भी मौजूद थे। एएसआई ने मारपीट के दौरान धमकी देते हुए कहा कि “तू कितना बड़ा नेता है, तेरा सब नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।” रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को घटना की जानकारी लगने पर उन्होंने पूरे मामले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह को अवगत करवाया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। साथ ही संबंधित एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया गया है।

एएसआई ने तमाचा जड़ा, थाने में हुआ हंगामा, सस्पेंड की कार्रवाई

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *