प्रांतीय वॉच रायपुर वॉच

ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल में “प्रकृति के रंग, जीवन के संग” सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन…

Share this

कक्षा पहली के नन्हे कलाकारों ने चारों ऋतुओं पर आधारित नृत्य–अभिनय से प्रकृति, धैर्य और जीवन–मूल्यों का दिया प्रेरक संदेश….

रायपुर। ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल में 11 दिसंबर को कक्षा पहली के विद्यार्थियों द्वारा “प्रकृति के रंग, जीवन के संग” विषय पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अनुभूति’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान एवं संगीत की देवी माँ सरस्वती की वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नृत्य–अभिनय (डांस एक्ट) के माध्यम से वर्ष की चारों ऋतुओं—बसंत, ग्रीष्म, वर्षा और शीत ऋतु—का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया।
बसंत ऋतु की प्रस्तुति ने खिले हुए सरसों के फूलों के माध्यम से नई शुरुआत और उत्साह का संदेश दिया।

ग्रीष्म ऋतु में बच्चों ने गर्मी की छुट्टियों का आनंद, पेड़ की छाँव का महत्व और पानी की उपयोगिता को दर्शाते हुए धैर्य एवं संयम का संदेश दिया।

वर्षा ऋतु के मंचन ने जीवन में आशा और समृद्धि को उजागर किया, जिसमें पेड़–पौधों और फसलों की हरियाली का सुंदर चित्रण देखने को मिला।

शीत ऋतु की प्रस्तुति ने मेहनत, अभ्यास और दृढ़ता के महत्व को दर्शाया, साथ ही सर्द हवाओं में गाजर का हलवा और भुनी मूंगफली का आनंद भी बच्चों ने मनमोहक ढंग से दिखाया।

कार्यक्रम के अंत में नन्हे विद्यार्थियों ने गीत के माध्यम से सभी अभिभावकों, शिक्षकों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उनके भावपूर्ण प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम की सुंदर प्रस्तुति देख अभिभावकों ने भी प्रशंसा कर कहा कि “शिक्षकों की मेहनत ब्रह्मविद स्कूल के बच्चों में आत्माविश्वास और अभिव्यक्ति दोनों को विकसित कर रही है। प्रकृति से जुड़ी सीख को इस तरह मनोरंजक रूप से प्रस्तुत करना बहुत ही मनमोहक था।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *