प्रांतीय वॉच रायपुर वॉच

मंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे की ट्रेन से गिरकर मौत, पेशी में जाने के निकले थे वीरभद्र सिंहदेव

अंबिकापुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे व सरगुजा के लुंड्रा ब्लॉक अंतर्गत धौरपुर हाउस के लाल सोमेश्वर प्रताप सिंहदेव के ज्येष्ठ पुत्र वीरभद्र सिंहदेव उर्फ सचिन सिंह की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वीरभद्र सिंहदेव दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन से अंबिकापुर जा रहे थे तभी बिलासपुर के पास गिरकर मौत हो गई। फ़िलहाल यह हादसा कैसे हुआ इसका पता नहीं चल सका है। वीरभद्र की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। देर शाम तक उनका शव धौरपुर पहुंचेगा।

जानकारी के अनुसार 43 वर्षीय वीरभद्र प्रताप सिंह पिता सोमेश्वर सिंह उर्फ सचिन बाबा लुंड्रा के धौरपुर के रहने वाले थे। वे धौरपुर के राजा थे। वर्तमान में वे जनपद पंचायत लुंड्रा के उपाध्यक्ष थे। वे सचिन बाबा के नाम से क्षेत्र में प्रसिद्ध थे। सचिन बाबा स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी रिश्तेदार थे। किसी कार्यवश वो राजधानी रायपुर गए हुए थे। वीरभद्र सिंहदेव को आज अंबिकापुर के सत्र न्यायालय में पेशी में शामिल होना था। सचिन सिंह व उनके तीन साथियों के खिलाफ विधायक बृहस्पति सिंह के काफिले पर हमले के आरोप में अंबिकापुर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज हुआ था। जिसकी आज अंबिकापुर के सत्र न्यायालय में पेशी थी। इस वजह से वो कल रात को दुर्ग अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन से वापस अंबिकापुर लौट रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *