देश दुनिया वॉच

छत्तीसगढ़ : झाड़ियों में मिली वृद्ध की लाश, हत्या की आशंका

Share this

​​​​​​​कोरबा। कोरबा में रविवार सुबह एक वृद्ध का शव झाड़ियों में पड़ा मिला है। वृद्ध के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। इसके चलते हत्या की आशंका है। सूचना मिलने पर डायल-112 और बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान ड्यूटी से लौट रहा एक युवक भीड़ देखकर रुका और शव देखने गया तो पता चला कि उसके पिता का था। बताया जा रहा है कि वृद्ध एक दिन पहले ही घर से निकला था।

बालको चेकपोस्ट के पास झाड़ियों में रविवार सुबह एक वृद्ध का शव देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तब तक वहां लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस पहुंची, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। इसके कारण कई घंटे बीत गए। इसी बीच बालको निवासी अशोक दास महंत अपनी नाइट ड्यूटी से घर लौट रहा था। भीड़ देखकर वह भी रुक गया। जब शव के पास पहुंचा तो हैरान रह गया। शव उसके पिता गोपाल महंत (60) का था।

दोपहर में घर से निकले थे, फिर नहीं लौटे

अशोक दास ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का करीब दो साल पहले निधन हो गया है। उसके बाद से ही उसके पिता गोपाल महंत घर के ही एक हिस्से में अलग रहते थे। घर में उसने अन्य लोगों से जानकारी ली तो पता चला कि गोपाल महंत शनिवार दोपहर को घर से निकले थे। उन्हें लगा कि घूमने गए होंगे। इसके बाद आकर सो गए होंगे। वह पहले भी ऐसा कर चुके थे। उनका शव कैसे वहां पहुंचा और उनकी मौत कैसे हुई पता नहीं है।

थाना प्रभारी विजय तिलक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे जांच की दिशा तय होगी। शरीर पर कई सारे चोट के निशान मिले हैं। यह हत्या भी हो सकती है या फिर हादसा, लेकिन झाड़ियों में शव मिलना संदेह पैदा करता है। मौके से एक मोबाइल और छाता बरामद हुआ है। उसे जब्त कर लिया गया है। परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *