प्रांतीय वॉच

मासूम की लाश मांग रही इंसाफ, अपहरण के बाद हत्या की आशंका

बिलासपुर। जिले में चार साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की शाम खेलते-खेलते बच्चा मोहल्ले से गायब हो गया था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे। इधर, शनिवार की सुबह करीब 4.30 बजे उसकी लाश घर के पास ही मिली है। गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। बच्चे की हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के विवाद में मासूम की हत्या करने की आशंका है। बच्चे के पिता को हिरासत में लिया गया है।

CG NEWS : मासूम की लाश मांग रही इंसाफ, अपहरण के बाद हत्या की आशंका

सीपत क्षेत्र के ग्राम सेलर निवासी मदन सुरजे किसान है और पेंटिंग का भी काम करता है। शुक्रवार की शाम उसका चार साल का बेटा शौर्य उर्फ दिव्यांशु सुरजे घर से खेलने के लिए निकला था। गांव के गुड़ी के पास खेलते-खेलते वह गायब हो गया। शाम पांच बजे परिजन उसे बुलाने के लिए गए, तब वहां कोई नहीं था। उसके साथ खेल रहे बच्चे भी अपने-अपने घर चले गए थे। परिजन इधर-उधर बच्चे की तलाश करते रहे। लेकिन, देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। इससे घबराए परिजन रात भर उसकी तलाश में जुट रहे।

 घर के पास गली में मिली लाश

सुबह होने से पहले ही परिजन फिर से बच्चे की तलाश में जुट गए। इस दौरान सुबह करीब 4.30 बजे शौर्य की लाश घर के पास ही गली में मिली, जिसे देखकर मदन के भतीजे ने परिजनों को जानकारी दी। मासूम बच्चे की मौत की खबर सुनकर घर में मातम छा गया। वहीं, मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई।

गले में रस्सी के निशान

इस घटना की जानकारी मिलते ही सीपत TI हरीश तांडेकर, CSP स्नेहिल साहू सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस परिजन व ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। बच्चे के शरीर में खरोच के निशान हैं। वहीं, गले में रस्सी के भी निशान मिले हैं। ऐसे में उसका अपहरण और फिर हत्या करने की आशंका है। हत्यारों ने बच्चे की हत्या कर शव को घर के पास ही लाकर फेंक दिया था।

दोपहर पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद 

मासूम बच्चे की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अफसर गांव पहुंच गए। प्रारंभिक जांच व पूछताछ में पता चला है कि मदन और उसकी पत्नी सलमा ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। सलमा का मायका मदन के पड़ोस में ही है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सलमा और मदन के बीच विवाद हुआ। इसके बाद वह अपने बच्चे को छोड़कर मायके चली गई। दोपहर करीब तीन बजे मदन अपने ससुराल गया, जहां से वह अपनी पत्नी को लेकर वापस घर आया। इस दौरान उसने बच्चे को खेलने के लिए बाहर भेज दिया। फिर दोनों पत्नी-पत्नी आपस में झगड़ने लगे। विवाद बढ़ने पर शाम करीब चार बजे सलमा फिर से अपने मायके चली गई। तब, मासूम शौर्य अपने पिता मदन के साथ देखा गया था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया।

पत्नी के चरित्र पर करता था शक

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि लव मैरिज के बाद मदन का लड़की के मायके वालों से भी विवाद होता था। लेकिन, बाद में दोनों पक्ष सहमत हो गए थे। शादी के बाद उनका बच्चा शौर्य पैदा हुआ और अब एक साल की बेटी भी है। लेकिन, इस दौरान दोनों पति-पत्नी के बीच में झगड़ा शुरू हो गया था। दरअसल, मदन अपनी पत्नी की चरित्र पर शक करता है, जिसके कारण वह अपनी पत्नी से विवाद कर आए दिन मारपीट करता था। ऐसे में पुलिस को शक है कि बच्चे की हत्या में कहीं मदन का ही तो हाथ नहीं है। यही वजह है कि पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई है। वहीं, उसकी पत्नी का भी बयान दर्ज कर बारीकी से पूछताछ की जा रही है।

दादा बोला- चॉकलेट खिलाया, फिर गायब हो गया शौर्य

इधर, मृतक बालक शौर्य के दादा संतोष सूर्यवंशी ने पुलिस को बताया कि शाम करीब चार बजे शौर्य को लेकर वह चॉकलेट खिलाने के लिए दुकान ले गया था। चॉकलेट लेकर शौर्य खेलने के लिए निकल गया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। ऐसे में पुलिस को हत्या की वारदात में नजदीकी परिजनों पर भी शक है। फिलहाल, पुलिस अभी अधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इंकार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *