रायपुर वॉच

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी मानसून की सक्रियता, आज बारिश की संभावना

Share this

रायपुर । मानसून की सक्रियता बढ़ने और हवा की दिशा बदलने से प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के साथ ही बिजली गिरने के भी आसार हैं। साथ ही अब अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता अब बढ़ने लगी है और प्रदेश में अगले एक-दो दिन में पहुंचने के आसार हैं।

हवा की दिशा बदलने व द्रोणिका के प्रभाव से दिन के साथ ही रात के तापमान में भी गिरावट आई है। बिलासपुर को छोड़ दिया जाए तो प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गई है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

रायपुर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य हो गए हैं। प्रदेश भर में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बिलासपुर सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अब प्रदेश में तेज हवाएं चलने के साथ ही बिजली गिरने के भी संकेत हैं। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बारिश भी होगी। सोमवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई।

इन क्षेत्रों में हुई बारिश

देवभोग में तीन सेमी, बकावंड में एक सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई।

अंधड़ के साथ गिर सकती है बिजली

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि द्रोणिका के प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। प्रदेश में कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने के साथ बिजली भी गिर सकती है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *