बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते आठ वर्षों में जो काम किया है वह इतिहास के सुनहरे पन्नो में दर्ज हो गया है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे कार्य ने लोगों की सोच बदल दी है। अब तो देशवासी कहने लगे हैं कि मोदी है तो मुमकीन है।
डा. रमन भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार देश में हर वर्ग का ख्याल रख रही है। वर्ष 2014 से लेकर अब तक मोदी सरकार के बड़े कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण की यात्रा लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आठ साल पहले कांग्रेस सरकार की सोच सामान्य थी।
लेकिन, इन आठ साल में मोदी की सोच ने देश में एक नया नारा दे दिया है। मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने बताया कि इस दौरान देश की जीडीपी दोगुनी हुई है। देश में बेहतर इलाज के लिए एम्स की संख्या बढ़ी है। स्कूलों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। किसान, गरीब, महिला सशक्तीकरण व नवाचार में बढ़ावा देने काम आठ साल के कार्यकाल में गंभीरता के साथ हुआ है।