रायपुर वॉच

आदिवासी संस्कृति मेला का रायपुर के ​​​​​​​साइंस कॉलेज मैदान पर होगा आगाज, देश-विदेश के कलाकार करेंगे मार्च पास्ट, नाइजीरिया, फिलीस्तीन, छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा के नर्तक दल अपनी प्रस्तुति देंगे

Share this

रायपुर : रायपुर में दूसरे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का मंच तैयार है। गुरुवार से अगले तीन दिनों तक यहां आदिवासी संस्कृति का मेला लगेगा। महोत्सव का उद्घाटन सुबह 11 बजे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। शाम के प्रदर्शन में राज्यपाल अनुसूईया उइके मुख्य अतिथि होंगी।उद्घाटन सत्र की शुरुआत छत्तीसगढ़ सहित देश-विदेश से आए कलाकारों के मार्च पास्ट से होगी। अतिथि नेताओं के संबोधन के बाद 12.30 से 2 बजे तक नाइजीरिया, फिलीस्तीन, छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा के नर्तक दल अपनी प्रस्तुति देंगे। उसके बाद सभी मेहमान आयोजन स्थल पर लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

इन रास्तों से पहुंचे आदिवासी महोत्सव में:साइंस कॉलेज पहुंचने में परेशानी न हो इसलिए याद रखिए ये रूट, यहां करनी होगी पार्किंग
इसके बाद आदिवासी नृत्य महोत्सव की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। दोपहर 2.30 बजे से विवाह संस्कार विधा पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें कर्मा नृत्य, मध्य प्रदेश का कर्मा, झारखंड का कोडसी, जम्मू-कश्मीर का गोजरी नृत्य, आंध्र प्रदेश का गुरयाबल्लु, असम का कारबी-तिवा, आंध्र प्रदेश का डिम्सा, ओडिशा का धप, तेलंगाना का कोम्मुकोया, मध्य प्रदेश का दंडार, ओडिशा का बोण्डा और गुजरात का मेवासी नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। शाम 6.30 से रात्रि 7.30 बजे तक पारंम्परिक त्यौहार एवं अनुष्ठान, फसल कटाई-कृषि एवं अन्य पारंपरिक विधाओं के नृत्यों की प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ का करमा नृत्य, उत्तराखंड का झींझीं हन्ना, तेलंगाना का गुसाड़ी-डिम्सा, झारखंड का उरांव और गुजरात के सिद्धी गोमा नृत्य की प्रस्तुति होगी।

रात में विदेशी अफ्रीकी और उज्बेकी संस्कृति का रंग

रात्रि 8 बजे से 9.30 बजे तक विदेशों से आए लोक नर्तक अपनी कला-संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में यह प्रदर्शन होगा। इसमें स्वाजीलैण्ड, उज्बेकिस्तान और माली के नर्तक दलों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

कल पंजाब के मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दूसरे दिन पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मुख्य अतिथि होंगे। शाम 8 बजे के इस सत्र की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत करने वाले हैं। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। समारोह का पुरस्कार वितरण 30 अक्टूबर को रात 8 बजे से किया जाएगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *