देश दुनिया वॉच

त्योहारी सीजन में रुलाने को तैयार प्याज, 45 रुपये किलो हुआ पार

Share this

रायपुर : त्योहार शुरू हो गए हैं और एक बार फिर से लोगों को प्याज रुलाने को तैयार हो गए हैं। फुटकर बाजार में प्याज की कीमत 45 रुपये किलो पार हो गया है। हफ्ते भर पहले ही प्याज फुटकर में 25 से 30 रुपये किलो बिक रही थी। हालांकि आलू की कीमतों में तेजी नहीं है और यह 20 रुपये किलो तक बिक रहा है। इसी प्रकार टमाटर की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल है और फुटकर में टमाटर 30 से लेकर 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है।

शनिवार को शास्त्री बाजार, आमापारा, गोलबाजार, संतोषीनगर सहित दूसरे प्रमुख बाजार में टमाटर 30 से 50 रुपये किलो, लौकी 20 रुपये किलो, बैगन 30 रुपये किलो, पत्ता गोभी 30 रुपये किलो, गोभी 60 रुपये किलो तक बिक रही है। सब्जी कारोबारियों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मालभाड़ा का बढ़ना भी है। डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर मालभाड़े पर पड़ा है और सब्जियों की कीमतें महंगी हुई है। आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

यह है कारण

सब्जी कारोबारियों का कहना है कि प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मुख्य कारण पिछले दिनों आया चक्रवाती तूफान है। इस चक्रवाती तूफान की वजह से प्याज की काफी फसल खराब हो गई और ऊपरी मंडी में ही इसकी कीमतों में तेजी आ गई। अब हालात यह है कि थोक बाजार में ही प्याज 33 से 35 रुपये किलो तक बिक रही है।

और बढ़ सकती हैं कीमतें

प्याज की कीमत में बढ़ोतरी तो ऊपरी मंडी से ही बनी हुई है। इसके साथ ही दूसरी सब्जियों में मालभाड़े का असर पड़ा है। आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *