रायपुर वॉच

IED की चपेट में आने से सर्चिंग पर निकले CRPF के 2 जवान घायल, इलाज के लिए रायपुर भेजने की तैयारी

Share this

बीजापुर : गुरुवार की सुबह प्रेशर IED की चपेट में आने से CRPF के 2 जवान जख्मी हो गए हैं। घायल जवानों को बीजापुर के जिला अस्पताल लाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों जवानों को मामूली चोटें आई हैं। जिनका प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है। यह दोनों CRPF 170BN के बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम के सदस्य हैं। जानकारी के अनुसार, जिले के मुरकीनार CRPF कैंप के जवान सुबह सर्चिंग के लिए मोदकपाल थाना क्षेत्र के हल्बापारा की टेकरी पर निकले थे। वहीं माओवादियों ने इलाके में प्रेशर IED प्लांट किया हुआ था। CRPF की BDS टीम के सदस्य शनिदुल इस्लाम व बालकिशन अपने डॉग और मेटल डिटेक्टर को लेकर सर्चिंग करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इतने में एक जवान का पैर प्रेशर IED के ऊपर आ गया। जिससे IED ब्लास्ट हुआ और आगे जा रहा जवान भी उसकी चपेट में आ गया और दोनों घायल हो गए हैं।

इलाके में सर्चिंग जारी
इधर, इस घटना के बाद CRPF जवानों के द्वारा लगातार इलाके की सर्चिंग की जा रही है। यह पूरा इलाका नक्सलियों का गढ़ है। अक्सर जवान इन्हीं इलाकों से होते हुए ऑपरेशन पर निकलते हैं। इसी बात के मद्देनजर नक्सली इस इलाके में IED प्लांट करते हैं। इस बार इसकी चपेट में 2 जवान आ गए हैं। इससे पहले भी जवानों ने इसी इलाके से कई IED बरामद किए हैं।

बम निरोधक दस्ता क्या है

बम निरोधक दस्ता मुख्य तौर पर बम डिफ्यूज करने और IED को डिफ्यूज करने का काम करता है। यह काम बहुत ही चुनौतीपूर्ण होता है। यही वजह है कि इस दस्ते में स्पेशल ट्रेंड जवानों को शामिल किया जाता है। खासकर बस्तर जैसे इलाकों में इस दस्ते की भूमिका महत्वपूर्ण है। बस्तर के कई इलाकों में नक्सली इस तरह से IED प्लांट कर जवानों को फंसाने की फिराक में रहते हैं। नक्सली ज्यादातर रोड,जंगल के क्षेत्र में IED प्लांट कर जवानों को निशाना बनाते हैं। कई बार यह भी देखा गया है कि जवानों की चौकसी के कारण आईईडी प्लांट होने की बात पहले की सामने आ जाती है, तब यही बम निरोधक दस्ता मौके पर जाकर आईईडी डिफ्यूज करता है। 2019 के लोकसभा चुनाव के पहले बीजेपी विधायक भीमा मंडावी की हत्या नक्सलियों ने रोड में आईईडी ब्लास्ट कर की थी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *