प्रांतीय वॉच

खेल-खेल में गोली चली, छात्र की मौत, घर में रखी बंदूक को बार-बार लोड-अनलोड करते समय बुलेट चली, जांच में जुटी पुलिस

Share this

भिलाई : रविवार देर रात बर्थ डे पार्टी के जश्न में गोली चलने से एक छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने दोस्तों के साथ 18वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहा था। इस दौरान घर में रखी बंदूक को लोड-अनलोड करते समय गोली चल गई। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है। फिलहाल सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, भिलाई के जवाहर नगर निवासी रोहन सिंह राजपूत पुत्र संजय सिंह ने इसी साल 12वीं पास की थी। वह रविवार को दोस्तों के साथ अपना 18वां जन्मदिन मना रहा था। घर के बाहर पार्टी का माहौल था। इतने में पार्टी में गोली चलने की आवाज आई। सभी दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो देखा रोहन की जांघ में गोली लगी है और वह लहूलुहान होकर जमीन पर पड़ा है।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
आनन-फानन में परिजन उसे लेकर भिलाई के एक निजी हॉस्पिटल में पहुंचे। वहां हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद रामकृष्ण अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान रोहन घर में रखी 12 बोर की बंदूक से खेल रहा था। वह बार-बार बंदूक को लोड और अनलोड कर रहा था।

इकलौता बेटा था रोहन घर का
पुलिस ने बताया कि रोहन के पिता संजय सिंह जबलपुर में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। रोहन उनका इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। घर में रखी बंदूक लाइसेंसी थी। खेल-खेल में गोली चलने से हादसा हुआ है, हालांकि मामले की जांच जारी है।

पुलिस बोली- मामले की जांच के बाद ही घटना स्पष्ट कर पाएंगे
वैशाली नगर थाना प्रभारी गोपाल वैश्य ने बताया कि घटना देर रात करीब 10 या 11 बजे की है। हमें जब इसकी जानकारी मिली तो टीम मौके पर पहुंची थी, तब तक रोहन के परिजन उसे रायपुर के लिए ले जा चुके थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *