देश दुनिया वॉच

आखिरी सफर पर कल्याण सिंह: अतरौली पहुंचा पूर्व सीएम का पार्थिव शरीर, गृहमंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि; अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

Share this

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का आज बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार होगा। उनका पार्थिव देह अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से अतरौली के PwD गेस्ट हाउस पहुंच चुका है। यहां गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, प्रहलाद पटेल, BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व सीएम के अंतिम सफर में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों का काफिला शामिल है। अतरौली में करीब दो घंटे तक उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर नरौरा गंगा घाट पर पहुंचेगा, जहां शाम 5 बजे के करीब उनका अंतिम संस्कार होगा। पूर्व सीएम को आखिरी बार देखने और श्रद्धांजलि देने के लिए अलीगढ़ की सड़कों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पूर्व सीएम का पार्थिव शरीर कुछ देर में उनके पैतृक गांव मढौली के सामने से गुजरेगा। गांव के मुख्य गेट “कल्याण द्वार” को सजाया गया है। हजारों गांव वाले अंतिम दर्शन के मुख्य रास्ते पर इकट्ठा हैं।बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद हैं। बतौर सीएम कल्याण सिंह की विधानसभा में दी गई स्पीच का संकलन कर उसे जारी किया जाएगा। अगले 5 दिन में इसका वीडियो जारी किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में डिप्टी सीएम ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने प्रदेश के 5 जिलों में एक-एक सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग करने का ऐलान किया है। इसमें लखनऊ, अयोध्या, यागराज, बुलन्दशहर और अलीगढ़ में एक एक सड़क कल्याण सिंह मार्ग के नाम से होगी। रविवार की शाम पार्थिव शरीर एयर एंबुलेंस से अलीगढ़ धनीपुर हवाई पट्टी लाया गया था। यहां से पार्थिव शरीर को फूलों से सजे ट्रक में रखकर 13 किलोमीटर दूर अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम लाकर मैदान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उमड़ी भीड़ ने जय श्रीराम के नारे लगाए। ‘जब तक सूरज चांद रहेगा बाबू जी का नाम रहेगा’- के नारे भी लगे। आज सुबह करीब 9 बजे सड़क मार्ग से पार्थिव शरीर अतरौली के रास्ते उनके पैतृक गांव मढ़ौली ले जाया जाएगा, जहां पर कल्याण सिंह का जन्म हुआ था। यहां पर बाबूजी का पैतृक आवास है। कुछ देर के लिए पार्थिव शरीर को गांववालों के अंतिम दर्शन के लिए घर पर रखा जाएगा। यहां से अंतिम यात्रा बुलंदशहर जिले के नरौरा कस्बा स्थित गंगा घाट के लिए रवाना होगी।

तीन दिन का राजकीय शोक, आज सारे स्कूल-कॉलेज, कार्यालय बंद रहेंगे
कल्याण सिंह के निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। सोमवार को सार्वजनिक अवकाश का भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है, यानी आज प्रदेश के सारे सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे। भाजपा के जिला मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।

पीएम ने कल्याण सिंह के परिवार से भी मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर पूर्व सीएम कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम के परिवार से भी मुलाकात की। इसकी तस्वीर प्रधानमंत्री ने रात में सोशल मीडिया पर जारी की।

प्रधानमंत्री ने अंतिम दर्शन के बाद मीडिया को संबोधित किया। बोले, ‘हम सब के लिए ये शोक की घड़ी है। कल्याण सिंह जी के माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था। उन्होंने अपने माता-पिता के दिए नाम को सार्थक किया। वो जीवन भर जनकल्याण के लिए जिए। जनकल्याण को ही अपना मन बनाया। उन्होंने अपना जीवन भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनसंघ और देश के लिए समर्पित कर दिया। कल्याण सिंह भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे।’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘कल्याण सिंह एक प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे। जीवन का अधिकतम समय उन्होंने जन कल्याण के लिए लगाया। उनको जब भी जो दायित्व मिला। उसे उन्होंने बखूबी निभाया। सरकार, संगठन में जो भी दायित्व मिला, उसे उन्होंने पूरा किया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत खोई है। मैं भगवान प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिवार और समर्थकों को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (बाबू जी) ने शनिवार रात 9 बजे 89 साल की उम्र में लखनऊ के SGPGI में आखिरी सांस ली। वे 48 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। रविवार को लखनऊ में प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़ी हस्तियों ने पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि दी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *