- चिलचिलाती धूप में घंटों परेशान होते रहे लोग, प्रशासन ने समझाया तब खुला जाम
अंबिकापुर ; किसान इन दिनों अलग-अलग कारणों से परेशान हो रहे हैं। कहीं बिजली कटौती की समस्या से किसान नाराज हैं, तो कहीं खाद समय पर नहीं मिलन से। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बुधवार को खाद नहीं मिलने से किसानों ने हंगामा कर दिया। नाराज किसानों ने रायगढ़ जाने वाले नेशनल हाईवे पर चक्कजाम कर दिया। इसके चलते यहां तेज धूप में राहगीर परेशान होते रहे। हालांकि, कुछ देर पर प्रशासन के समझाने पर किसानों ने प्रदर्शन बंद कर दिया। अंबिकापुर शहर के भारत माता चौक पर स्थित सरकारी खाद की दुकान में किसान खाद लेने पहुंचे थे। यहां बड़ी संख्या में किसान सुबह से पहुंच गए, लेकिन किसानों को जब काफी देर तक खाद नहीं मिता तो उन्होंने चक्काजाम कर दिया। इसके कारण अंबिकापुर से रायगढ़ जाने वाली रोड घंटों जाम रही। यहां आने-जाने वाले लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। किसानों ने बताया कि हम पिछले 3-4 दिन से परेशान हो रहे हैं। चक्काजाम की खबर लगते ही जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रदीप साहू मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत खाद दुकान खुलवाकर किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई। सीएसपी समेत पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और जाम हटाकर ट्रैफिक फिर से शुरू कराया। मंगलवार को कवर्धा के ग्रामीण क्षेत्र के 20 से अधिक गांव में 25 दिन से लगातार ट्रिपिंग और बिजली कटौती के चलते परेशान किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यहां किसान लोहारा नाका स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंच गए थे और जमकर नारेबाजी की थी। किसानों का कहना था कि खेती के का समय भी अगर समय पर बिजली नहीं मिलेगी तो हम खेती कैसे करेंगे।

