प्रकाश नाग / केशकाल : केशकाल नगर में गुरुवार को दिन भर की कड़कड़ाती धूप के बाद दोपहर लगभग 3 बजे अचानक तेज आंधी तूफान के साथ बारिश शुरू हो गयी। लगभग 2 घण्टे तक चली बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के चलते कई जगहों पर नालियों का गंदा पानी व कचरा दुकानों में घुस गया साथ ही केशकाल से विश्रामपुरी जाने वाले मुख्य मार्ग में पेड़ों के डंगाल भी टूट गए बिजली के तारों पर गिर गए। जिसके चलते विगत 2 घण्टो से इस क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था भी बाधित है। हालांकि इस असामान्य बारिश से नगरवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है लेकिन केशकाल के आसपास क्षेत्र में किसानों द्वारा लगाए गए फसलों के प्रभावित होने की संभावना भी बनी हुई है।
खेतों में लगी फसलें हो सकती हैं प्रभावित
आपको बता दें कि केशकाल क्षेत्र के किसानों ने वर्तमान में गेहूं, मक्का, टमाटर आदि की फसल लगाई हुई है। आज तेज आंधी तूफान के साथ बारिश व ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित भी हो सकती हैं। पिछले वर्ष भी इसी प्रकार से असामान्य बारिश व जमकर ओलावृष्टि हुई थी जिसके चलते कई किसानों की मक्के व कलिंदर की फसल का भारी मात्रा में नुकसान हुआ था। अब देखने वाली बात यह है कि आज हुई बारिश का खेतों में क्या प्रभाव पड़ता है।
पेड़ों के टूट कर गिरने से नगर में विद्युत व्यवस्था हुई बाधित
केशकाल से विश्रामपुरी जाने वाले मुख्यमार्ग में कुछ जगहों पर पेड़ के बड़े-बड़े डंगाल टूट कर बिजली के तार पर गिर गए हैं, जिसके कारण घण्टो से विद्युत व्यवस्था भी बाधित है। बहरहाल लोग अपने अपने दुकानों की साफ सफाई में जुट गए हैं साथ ही विद्युत विभाग के कर्मचारियों के द्वारा नगर में विद्युत सप्लाई सुधार का कार्य शुरू कर दिया गया है।