क्राइम वॉच

दंतेवाड़ा में जवानों ने 2 लाख रुपए का इनामी नक्सली को किया गिरफ्तार, मेडिकल टीम का था प्रभारी, बड़े लीडरों को पहुंचाता था दवाइयां

Share this

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जवानों ने 2 लाख रुपए के एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार माओवादी बलराम मुचाकी (30) नक्सलियों के कटेकल्याण एरिया कमेटी का सदस्य और मेडिकल टीम का प्रभारी था। बताया जा रहा है कि संगठन में रहते इसने नक्सलियों के कई बड़े बीमार लीडरों तक दवाइयां पहुंचाई है। नक्सल ऑपरेशन पर निकले जवानों ने घेराबंदी कर इसे पकड़ लिया है। जिसे न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, DRG और जिला पुलिस बल के जवान कटेकल्याण थाना क्षेत्र के जंगलों में सोमवार को नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। इस दौरान कोंडलूर और खुडबुड़री के जंगलों में जवानों को आता देख एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा था। जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान इनामी नक्सली बलराम मुचाकी के रूप में हुई। दंतेवाड़ा के SP डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि, बलराम मुचाकी पिछले कई सालों से संगठन से जुड़कर काम कर रहा था। यह कई बड़े लीडरों के साथ भी काम कर चुका है।

अब तक 454 माओवादियों का सरेंडर
दंतेवाड़ा पुलिस ने महज डेढ़ साल पहले लोन वर्राटू यानी घर वापस आइए अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस के सामने अब तक 454 माओवादियों ने हथियार डाल दिए हैं। इनमें 117 इनामी माओवादी भी शामिल हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में कई कमांडर स्तर के माओवादी भी हैं जो मुख्यधारा में लौट आए हैं। पुलिस का दावा है कि इस अभियान ने काफी हद तक नक्सलियों की कमर तोड़ी है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *