रायपुर : IPL का मौजूदा सीजन शुरू ही हुआ है कि रायपुर में सट्टेबाजों का धंधा जोरों पर है। पुलिस की टीम ने बीते 24 घंटों में अलग-अलग इलाकों में से 6 सटोरियों को पकड़ा है। रविवार की रात गुढ़ियारी इलाके से गिरफ्तार एक कारोबारी भी इसमें शामिल है। शातिर सटोरिए अब सट्टे के इस गंदे धंधे को तकनीक के जरिए हाइटेक तरीके से कर रहे हैं। चौके और छक्कों पर बोलियां लगवा रहे हैं। विकेट गिरने और टीमों की हार-जीत के अंदाजे पर रकम दोगुनी करने का सब्जबाग(झूठी आश) दिखाकर अपनी जेबें भरने का काम कर रहे हैं।
रविवार की रात गुढ़ियारी थाने की टीम को खबर मिली कि सनराईजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रहे मैच के दौरान गोगांव इलाके में एक युवक सट्टा लगवा रहा है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि सट्टे का धंधा करने वाला थोक सामान की दुकान महामाया ट्रेडर्स का संचालक है। ये मोबाइल एप के जरिए ये रैकेट ऑपरेट कर रहा था। आरोपी अपनी दुकान में ही छुपा था। टीम ने वहां जाकर छापा मारा तो आरोपी आकाश अग्रवाल को पकड़ा गया। इसके पास से कुछ रुपए भी पुलिस को मिले हैं। इसके साथ इस रैकेट में और कौन लोग शामिल हैं इसकी पूछताछ की जा रही है।
दूसरा मामला थाना कोतवाली इलाके का है। रविवार की दोपहर पुलिस को सट्टेबाजों की खबर मिली। थाने से फौरन एक टीम कालीबाड़ी के गांधीनगर इलाके में पहुंची। इस बस्ती में एक मकान से 5 सटोरियों को पकड़ा गया। ये भी IPL मैच पर सट्टा लगा रहे थे। इनके पास से पुलिस को 8 हजार रुपए मिले। गिरफ्तार लोगों में संजय झुरपेकर, घनश्याम शर्मा, राकेश कन्नौजे, नानक तनेजा, मोहम्मद रफीक खान शामिल हैं। रायपुर के नए SP प्रशांत अग्रवाल ने भी हर थाने के प्रभारी को सट्टेबाजों के खिलाफ फौरन एक्शन लेने के निर्देश दे रखे हैं।

