देश दुनिया वॉच

महेंद्र सिंह धोनी होंगे T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के मेंटर, BCCI ने किया ऐलान

Share this

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. इस बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए BCCI ने टीम इंडिया के साथ बतौर मेंटर भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को जोड़ा है. टी20 वर्ल्ड कप में महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के मेंटर की भूमिका में दिखेंगे. बीसीसीआई सचिव जय शाह ने संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए टीम की घोषणा करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टी20 विश्व कप के लिए टीम के मेंटर (मार्गदर्शक) होंगे.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने उनसे दुबई में बात की थी. उन्होंने केवल विश्व कप टी20 के लिए मेंटर बनने पर सहमति दी थी और मैंने अपने सभी साथियों से इस संबंध में चर्चा की और सभी इस पर सहमत हैं. मैंने कप्तान (विराट कोहली) और उपकप्तान (रोहित शर्मा) से बात की और सभी सहमत हैं.’

40 साल उम्र में लिया था संंन्यास

धोनी (40 वर्ष) ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर से संन्यास ले लिया था. वह भारत के लिए अंतिम मैच 2019 विश्व कप सेमीफाइनल में खेले थे. माना जा रहा है कि उन्हें सीमित ओवरों की क्रिकेट के लिए रणनीति तैयार करने में उनके अनुभव को देखते हुए इस भूमिका के लिए चुना गया है. वह जानते हैं कि आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में जीत कैसे दर्ज की जा सकती है. इसमें कोहली इतने अनुभवी नहीं है.

तीनों मेजर ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2007 में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था. धोनी के नेतृत्व टीम इंडिया के कमाल का सिलसिला यहीं से शुरू हुआ था. इसके बाद 2011 के आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी 28 साल बाद भारत के पास आई थी. इस जीत के दो साल बाद, 2013 में धोनी की कप्तानी में भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी भी जीती. इसके साथ ही धोनी ICC की तीनों मेजर ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान बन गए. धोनी की अगुवाई में भारत ने 332 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इनमें 200 वनडे, 60 टेस्ट और 72 T20 शामिल हैं.

6 बड़े वनडे टूर्नामेंट्स के फाइनल में पहुंचाया

धोनी की कप्तानी में भारत 6 बड़े वनडे टूर्नामेंट्स के फाइनल में पहुंचा है. इनमें से भारत ने चार में जीत दर्ज की है. कप्तान के रूप में धोनी ने कुल 110 वनडे मैच जीते हैं. इस मामले में वह दूसरे नंबर पर हैं. इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग टॉप पर हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में 165 वनडे मैच जीते थे.

15 सदस्यीय टीम इस प्रकार है –

विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, राहुल चाहर, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह , भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी.

स्टैंडबाय खिलाड़ी- श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर.

टूर्नामेंट के पहले दौर में 8 क्वालिफाइंग टीमें भाग लेंगी. इनमें से चार टीमें सुपर 12 दौर में पहुंचेंगी. प्रारंभिक दौर में 8 टीमों में बांग्लादेश, श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड्स, स्कॉटलैंड, नामीबिया, ओमान और पापुआ न्यू गिनी शामिल है.

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *