क्राइम वॉच

हनुमान छाप सिक्के से पैसों की बारिश का झांसा, रातों-रात अमीर बनाने के नाम पर ठगी करने वाले 5 गिरफ्तार, सिक्के, कार और मोबाइल बरामद

Share this

महासमुंद : छत्तीसगढ़ में ठग इन दिनों लोगों के साथ फ्रॉड करने अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इस बार महासमुंद में ठगों ने एक शख्स को एक सिक्के के सहारे रातों-रात अमीर बनाने का लालच दिया था। इतना ही नहीं उन्होंने हनुमान छाप सिक्के से रुपए निकलने का झांसा भी दिया, लेकिन पकड़ लिए गए हैं। पुलिस ने इस तरह के अंतरराज्यीय ठग गिरोह के 5 ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से 2 ईस्ट इंडिया कंपनी के हनुमान छाप सिक्के, एक कार, दो मोटर साइकिल और पांच मोबाइल जब्त किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम सुरेशन दरिया, विष्णु चंद्राकार, टीकम सिंह ठाकुर, जितेंद्र पाल, वेदराम गायकवाड़ बताया है। सभी आरोपी ओडिशा, रायपुर महासमुंद और तेंदुकोना के रहने वाले हैं।

चमत्कारी होने का दावा कर रहे थे

दरअसल, इम्लीभाठा इलाके के रहने वाले एक शख्स ने शिकायत की थी कि आरोपी उससे लगातार संपर्क कर रहे हैं कि उनके पास पुराना हनुमान छाप सिक्का है, जो सुई एंव ब्लेड व चांवल को टच करने से अपने तरफ खींचता है। जिसमें चमत्कारी शक्ति है। जिससे रातों रात अमीर बना जा सकता है, उस सिक्के को बेचने से अच्छा पैसा मिलता है।

शक हुआ तो पुलिस को दी जानकारी

इसके अलावा आरोपियों ने कहा कि ग्राम पचेड़ा जामली रोड़ किनारे जंगल पास आकर मिले और उनसे वो सिक्के ले ले। लेकिन आरोपियों की इस बात पर शिकायतकर्ता को शकु हुआ और उसने इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद खल्लारी थाना की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा करते हुए SP दिव्यांग पटेल ने बताया कि चमत्कारी सिक्के से ठगने की शिकायत मिली थी। इस आधार पर साइबर सेल और खल्लारी पुलिस की एक टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने खल्लारी के पचेड़ा के पास आरोपियों को धर दबोचा है। सभी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *