प्रांतीय वॉच

कलेक्टर की संवेदनशील पहल से राष्ट्रीय खिलाड़ी को मिली मदद

Share this
  • दिहाड़ी मजदूरी नही अब रिबिका करेगी कार्यालयीन कार्य
  • किट खरीदने मिली 10 हजार रुपये नगद

रविशंकर गुप्ता/अम्बिकापुर : कलेक्टर संजीव कुमार झा की संवेदनशील पहल से अब बास्केट बॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी रिबिका लकड़ा को कलेक्टर दर पर कार्यालयीन कार्य मिल गया है।कलेक्टर की इस पहल से अब रीबिका को रोजगार के लिए दिहाड़ी मजदूरी नही करनी पड़ेगी। कार्यालय में रोजगार मिलने से स्वयं तथा परिवार को भी आर्थिक राहत मिलेगी।

कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा व जिला पंचायत के सीईओ श्री विनय कुमार लहंगे के निर्देशानुसार मैनपाट जनपद सीईओ श्री एस एन तिवारी ने शुक्रवार को मैनपाट विकास विकासखण्ड के ग्राम पैगा के जूनापारा निवासी बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी रिबिका की तत्काल मदद करते हुए बास्केटबॉल किट खरीदने हेतु 10 हजार रुपये व जनपद पंचायत मैनपाट में कलेक्टर दर पर कार्यालयीन कार्य करने हेतु आदेश की प्रति सौंपा।

ज्ञातव्य है कि बास्केट बॉल में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाली रिबिका लकड़ा पिता श्री इलिप साय साईं एकेडमी राजनांदगांव में अध्ययनरत है। रीबिका बास्केटबॉल में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है। घर की माली हालत ठीक नही होने पर रिबिका को दिहाड़ी मजदूरी करना पड़ रहा था। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के संज्ञान में यह बात आते ही उन्होंने तत्काल जनपद सीईओ श्री सुरेश्वर नाथ तिवारी को मदद हेतु निर्देशित किया ।

जनपद सीईओ श्री तिवारी ने रिबिका से उसकी खेल आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली और उसे बास्केटबॉल की किट हेतु राशि भी प्रदान की है। श्री तिवारी ने विकासखण्ड के समस्त राष्ट्रीय खिलाड़ियों की मदद करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओ को सुविधाओ का मोहताज नही होने दिया जाएगा। जनपद स्तर पर जो भी हो सकेगा सभी की मदद की जाएगी। इस दौरान जनपद सदस्य श्री धर्मेंद कुजूर, सचिव श्री राकेश बेक एश्री इलिप साय, श्री सतीश कुशवाहा व अन्य जनपद स्टाफ उपस्थित रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *