रायपुरः कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही जीवन रक्षक दवा रेमडेसिविर की भी डिमांड बढ़ गई है, जिसके चलते बाजार में इंजेक्शन की किल्लत हो गई है। वहीं, दूसरी ओर निजी अस्पतालों में मरीजों से रेमडेसिविर के नाम पर भी मनमाना खेल चल रहा है। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से आया है, जहां एक मरीज को 8 रेमडेसिविर का प्रिसक्रिप्शन दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला राजधानी रायपुर के होराइजन हॉस्पिटल का है, जहां एक मरीज को 8 वायल रेमडेसिविर का प्रिसक्रिप्शन दिया गया है। मरीज को दिया गया प्रिसक्रिप्शन लेटर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, मामले की जानकारी सीएमएचओ को लगी तो उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर, जवाब मांगा है। साथ ही कोविड अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कल 16731 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिल थे और बीते 24 घंटे में 13097 मरीज डिस्चार्ज, स्वस्थ हुए थे। वहीं दूसरी ओर कल 218 मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। प्रदेश में अब तक 7111 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो चुकी है।
कल 16731 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6 लाख 39 हजार 696 संक्रमित हो गई है। छत्तीसगढ़ में अब तक 5 लाख 09 हजार 622 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1,22,963 हो गई है।

