- प्रदेश में मेडिकल ऑक्सिजन की पर्याप्त सप्लाई करें सुनिश्चित
- कोरोना से लड़ने में शासन का सहयोग करे निजी उद्योग
बालकृष्ण मिश्रा/ सुकमा : छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा ने आज सुकमा जिला के कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से विभाग के अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने विभाग के आला अधिकारियों से लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में संचालित उद्योगों की जानकारी ली। उन्होंने कहा की प्रदेश में संचालित सभी उद्योगों में सख्ती से कोविड-19 से बचाव हेतु दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार लघु तथा स्थानीय उद्योगों का संचालन करने के निर्देश दिए। उद्योग में कार्यरत कर्मचारियों, मजदूरों का सतत तौर पर कोरोना जांच, मास्क पहनने एवं फिजिकल दूरी का पालन किए जाने पर जोर दिया।
संवेदनशीलता के साथ हो मेडिकल ऑक्सीजन का वितरण
मंत्री श्री लखमा ने प्रदेश में व्याप्त कोरोना महामारी को देखते हुए कहा कि प्रदेश में सबसे गंभीर जिलों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा आदि में पर्याप्त मात्रा में सतत तौर और मेडिकल ऑक्सिजन की सप्लाई करें। इसके साथ ही अन्य जिलों में भी मेडिकल ऑक्सिजन की सुचारू उपलब्धता रखें। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकरीगण को प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के प्रति संवेदनशील होकर पूरी तन्मयता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों को बड़े उद्योग के साथ समन्वय स्थापित कर मेडिकल ऑक्सिजन हेतु सिलेंडर की उपलब्धता एवं शासकीय तथा निजी अस्पतालों में मरीजों के लिए ऑक्सिजन सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित निजी उद्योगपतियों से उन्होंने इन विषम परिस्थितियों में शासन की हर संभव सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने अधिकारी कर्मचारियों से दो टूक कहा की कोरोना के इस विषम दौर में शासन के निर्देश अनुरूप गंभीरता से कार्य करें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

