प्रांतीय वॉच

कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बालोद, दल्लीराजहरा, डौण्डीलोहारा, देवरी, रानीतराई चेकपोस्ट तक अधिकारियों के साथ किया फ्लैगमार्च

Share this

सन्नी खान/बालोद : नोवल कोेरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से बचाव व रोकथाम हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जनमेजय महोबे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र सिंह मीणा ने आज पुलिस अधिकारियों के साथ जिले के नगरीय निकाय बालोद, दल्लीराजहरा, डौण्डीलोहारा तथा ग्राम देवरी और जिले के रानीतराई चेकपोस्ट तक फ्लैगमार्च किया। उन्होंने नागरिकों को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग और लॉक डाऊन के नियमो का पालन करने, अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने, नियमित रूप से हाथों को साबुन से धोते रहने व सेनेटाईज करने आदि की अपील की। उप पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश सिन्हा सहित अन्य अधिकारी फ्लैगमार्च में शामिल थे।

कलेक्टर ने कोविड केयर सेंटर देवरी का किया आकस्मिक निरीक्षण
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम देवरी के कोविड केयर सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने वहाॅ भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कोविड केयर सेंटर में कार्यरत स्टाॅफ से चर्चा कर दवाईयों की उपलब्धता तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली।

चेक पोस्ट हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त 
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जनमेजय महोबे ने आदेश जारी कर कहा है कि लाॅकडाउन के चलते जिले में सीमावर्ती राज्यों से प्रवासी मजदूरों का आगमन प्रारंभ हो चुका है। जिसे देखते हुए जिले की सीमाओं को सील करने हेतु स्थापित चेक पोस्ट पर आने वाले प्रवासी मजदूरों का स्वास्थ्य जाॅच एवं आवश्यकता पड़ने पर कोरोना जांच करना अनिवार्य हो गया है। उक्त परिस्थिति के मद्देनजर इन प्रत्येक चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस विभाग के दस्ते के साथ राजस्व विभाग से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जो प्रवासी मजदूरों के आगमन पर जांच से लेकर होम आईसोलेशन तक की निगरानी एवं समन्वय करेंगे। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार खप्परवाड़ा चेकपोस्ट हेतु नोडल अधिकारी श्री कमल नारायण भुआर्य राजस्व निरीक्षक डंगनिया, रनचिरई चेकपोस्ट हेतु नोडल अधिकारी श्री शिव कुमार साहू राजस्व निरीक्षक भांठागांव आर, चिरचार चेकपोस्ट हेतु नोडल अधिकारी श्री लोमश जयसवाल राजस्व निरीक्षण मोंहदीपाट, रानीतराई रोड चेकपोस्ट हेतु नोडल अधिकारी श्री सुमीत देवांगन राजस्व निरीक्षक देवरी, मानपुर चैक चेकपोस्ट हेतु नोडल अधिकारी श्री संदीप कोसमा राजस्व निरीक्षक डौण्डी और पुरूर चेकपोस्ट हेतु नोडल अधिकारी श्री मनीष डेहरे राजस्व निरीक्षक गुरूर को नियुक्त किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने कहा है कि प्रत्येक चेक पोस्ट पर एक चिकित्सा दल स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी तैनात किया जाए, जो थर्मल स्कैनर कोरोना जांच किट के साथ ही मास्क सेनेटाईजर आदि से लैस हो। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

लाॅकडाउन के समय विवाह समारोह में नियम का कड़ाई से पालन कराने ग्राम स्तर पर ग्राम कोटवार प्राधिकृत
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जनमेजय महोबे ने आदेश जारी कर दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30, 34 सहपठित एपिडेमिक एक्ट 1987 यथा संशोधित 2020 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बालोद जिला अंतर्गत सम्पूर्ण क्षेत्र को 26 अप्रैल 2021 प्रातः 06 बजे तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। उक्त लाॅकडाउन आदेश की कंडिका 14 में विवाह में शामिल होने के लिए अधिकतम 10 लोगों की अनुमति दी गई है। आदेश के पालन हेतु ग्राम स्तर पर ग्राम कोटवार को प्राधिकृत किया गया है। प्रत्येक ग्राम कोटवार का यह दायित्व होगा कि वह अपने क्षेत्र में होने वाले विवाह समारोह में इस नियम का कड़ाई से पालन कराए तथा उल्लंघन किए जाने की स्थिति में त्वरित रूप से अपने उच्चाधिकारी को इसकी सूचना दें। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *