बालकृष्ण मिश्रा / सुकमा : कलेक्टर विनीत नंदनवार और एसपी श्री के एल ध्रुव ने आज जनपद मुख्यालय छिन्दगढ़ के तोंगपाल चेकप्वाइंट का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री नंदनवार के निर्देाशुनासार सुकमा जिले में 15 अप्रैल से सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही दुकान, किराना स्टोर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, चैपाटी स्थल, सिनेमा हॉल, सब्जी दुकान एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति है। दोपहर 12 बजे के पश्चात् कोई भी व्यवसासिक प्रतिष्ठान खुला पाए जाने पर सख्त दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। अतिआवश्यक सेवाएं जैसे पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, दुग्ध विक्रेता (केवल घर पहुंच सेवा) को समय की पाबंदियों से मुक्त रख गया है। जिले में कर्फयू के समय में हुए बदलाव का लोग कितना पालन कर रहें हैं, इसका जायजा लेने कलेक्टर एवं एसपी ने आज फ्लैग मार्च किया। इसके साथ ही जिले में स्थापित चेकप्वाइंट का निरीक्षण भी किया। सुकमा से तोंगपाल तक आयोजित फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अमले ने लाउडस्पीकर के माध्यम से आम जन से कोविड-19 नियमों का पालन करने की अपील की। मास्क एवं सोशल डिस्टेंस के पालन करने के साथ ही अनावश्यक घर से बाहर ना निकलने की अपील करते हुए कोविड-19 संक्रमण से बचाव के प्रति ग्रामीणों को जागरुक किया। वहीं तोंगपाल जांच नाके के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार एवं एसपी श्री के एल ध्रुव ने कोविड ड्यूटी में तैनात अधिकारी- कर्मचारियों को स्वयं को सुरक्षित रखते हुए दिए गए दायित्वों का पालन करने के निर्देश दिए। श्री नंदनवार ने चेक प्वाइंट से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का अनिवार्य रुप से कोरोना जाँच करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सुकमा श्री नभ एल स्माईल सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।
कलेक्टर , एसपी ने तोंगपाल चेक प्वाइंट का किया निरीक्षण, कर्फ्यू के पालन का लिया जायजा

