BREAKING CG NEWS

गर्भवती महिलाओं की योजनाएँ कागजों में कैद, राशन डकार गए ‘सिस्टम के चूहे’?

Share this

Pregnant women’s schemes trapped on paper, ration swallowed up by ‘rats of the system’?

जिला ब्यूरो : फिलिप चाको

बालोद: ‘आँख के नीचे से काजल चुराने’ की अद्भुत कला का एक और नायाब नमूना बालोद शहर के वार्ड क्रमांक 8 में देखने को मिला है। यहाँ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित एक आंगनबाड़ी केंद्र में पिछले कई वर्षों से कथित तौर पर ऐसा ‘आँकड़ों का खेल’ चल रहा है, जहाँ लाभार्थी भले ही गायब हों, लेकिन सरकारी राशन और योजनाओं का लाभ ‘सौ टका’ (पूरा-पूरा) मंजिल तक पहुँच रहा है—बस सवाल यह है कि वह मंजिल हितग्राहियों की है या किसी और की!

अदृश्य नौनिहाल और हाजिरी का ‘चमत्कार’

गणेश मंदिर के पास संचालित इस आंगनबाड़ी की कार्यप्रणाली किसी जादूगरी से कम नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, यहाँ वर्षों से शासन का राशन आ रहा है, लेकिन उसे खाने वाले बच्चों का दूर-दूर तक अता-पता नहीं है। इसके बावजूद हाजिरी रजिस्टर में रोज़ाना 10–11 बच्चों के नाम के आगे नियमित हाजिरी दर्ज होने का ‘चमत्कार’ हो रहा है।

प्रेस रिपोर्टर क्लब की टीम को जब इस अनोखी जादूगरी की भनक लगी, तो टीम मौके पर हकीकत जानने पहुँची। दोपहर करीब 12 बजे आंगनबाड़ी पहुँचने पर जो दृश्य सामने आया, वह कागज़ी दावों की पोल खोलने के लिए काफी था—केंद्र में एक भी बच्चा मौजूद नहीं था, जबकि रजिस्टर में हाजिरी लग चुकी थी। न तो भोजन तैयार था और न ही उसे खाने वाले। अलबत्ता, मीडिया की टीम को देखते ही आनन-फानन में सफाई व्यवस्था जरूर शुरू कर दी गई।

कागजों तक सिमटी गर्भवती महिलाओं की योजनाएँ

मामला केवल बच्चों के राशन तक सीमित नहीं है। आरोप है कि गर्भवती महिलाओं को शासन की ओर से मिलने वाले लाभ भी जमीनी हकीकत के बजाय केवल कागजों तक सिमट कर रह गए हैं। वहीं, नाम न छापने की शर्त पर कुछ मोहल्लेवासियों ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का व्यवहार गर्भवती महिलाओं व उनके परिजनों के प्रति कई बार रूखा और अपमानजनक रहता है।

वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद रीता सोनी ने भी इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उनके वार्ड में यह आंगनबाड़ी वर्षों से चल रही है, लेकिन पिछले 3–4 सालों में उन्होंने यहाँ न तो बच्चों को पढ़ते-खेलते देखा और न ही उनके लिए भोजन बनते हुए।

‘सिस्टम के चूहों’ पर सवाल और अधिकारियों की भूमिका

अब इस पूरे मामले में विभाग के उच्च अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। बड़ा सवाल यह है कि जब केंद्र पर लाभार्थी ही नहीं हैं, तो वर्षों से आ रहा शासन का राशन आखिर किस खाते में जा रहा था? क्या ‘सिस्टम के अंदर बैठे चूहों’ ने यह राशन गबन कर लिया, या फिर पर्दे के पीछे की कहानी कुछ और है? आखिर यह कौन-सी जादूगरी है कि वर्षों तक राशन गायब होता रहा और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई!

फिलहाल, निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में दोषियों पर ठोस कार्रवाई होगी, विभागीय जाँच के चक्रव्यूह में कौन फँसेगा और कौन इस चक्रव्यूह को भेदकर सच सामने लाएगा—यह तो आने वाली जाँच ही तय करेगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *